Sports

नई दिल्ली : क्रिकेट को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने की कोशिशों के बीच यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) का पहला सीजन 26 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट से पहले Dublin Guardians के कप्तान और मेंटर रविचंद्रन अश्विन ने क्रिकेट को ग्लोबल बनाने, भारत-आयरलैंड सीरीज और आधुनिक टी20 क्रिकेट में पिच की भूमिका पर अपनी राय रखी। वहीं राहुल द्रविड़ और जोंटी रोड्स ने भी यूरोप में क्रिकेट के विस्तार को लेकर अपने विचार साझा किए।

भारत को हराकर आयरलैंड की जीत पर अश्विन ने क्या कहा?

हाल ही में आयरलैंड ने भारत को दो मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से हराया। इस नतीजे का जिक्र करते हुए अश्विन ने कहा कि क्रिकेट में छोटे और बड़ी रैंकिंग वाली टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का होना खेल के लिए अच्छा संकेत है। अश्विन ने कहा, 'दो चीजों ने मुझे बहुत खुश किया। पहली यह कि 10वें नंबर की टीम पहले नंबर की टीम को हरा सकती है। मुझे लगता है कि खेल ऐसा ही होना चाहिए। यह एक सीख है जो FIFA वर्ल्ड कप ने भी हमें दी है।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस खेल को सही मायनों में एक ग्लोबल स्पोर्ट बनाने के लिए और देशों को आगे आना होगा। क्रिकेट अगले कुछ वर्षों में ओलंपिक में भी शामिल होने जा रहा है और मैं इसे बहुत बड़ा सकारात्मक कदम मानता हूं।'

पिच और गेंद-बल्ले के संतुलन पर अश्विन की खास बात

अश्विन ने भारत-आयरलैंड सीरीज के दौरान पिचों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर पिच पर गेंद और बल्ले के बीच संतुलन हो तो गेंदबाज भी मैच में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, 'दूसरी चीज यह थी कि अगर पिच में कुछ है और बल्ले तथा गेंद के बीच संतुलन है, तो गेंदबाज भी खेल में आ सकते हैं और आयरलैंड ने इसे किसी भी संदेह से परे साबित किया।'

आयरलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज का उदाहरण देते हुए अश्विन ने कहा, 'हम्फ्रीज जैसे बाएं हाथ के स्पिनर का शिवम दुबे को गेंदबाजी करना और उन्हें स्क्वायर लेग पर कैच आउट कराना उन लोगों के लिए एक सबक है जो मुझसे पूछते हैं कि फिंगर स्पिन की कला का क्या हुआ।'

'आधुनिक टी20 क्रिकेट में सिर्फ प्लान काफी नहीं'

अश्विन ने आधुनिक टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के दबदबे और गेंदबाजों की चुनौतियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में किसी भी गेंदबाज की एक खराब गेंद उसे महंगी पड़ सकती है। उन्होंने कहा, 'पिचें उस स्तर तक पहुंच चुकी हैं जहां किसी भी दिन कोई भी गेंदबाज काफी रन दे सकता है। आधुनिक टी20 क्रिकेट में आपको टिके रहने के लिए काफी किस्मत की जरूरत होती है, साथ ही आपके पास बहुत सारी योजनाएं भी होनी चाहिए।'

हम्फ्रीज को डेथ ओवरों में गेंदबाजी दिए जाने की तारीफ करते हुए अश्विन ने कहा, 'इसलिए वह पिच देखना मेरे लिए काफी ताजगी भरा था और इससे भी ज्यादा अच्छा यह देखना था कि हम्फ्रीज को बाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ 18वें या 19वें ओवर में गेंदबाजी करने का भरोसा दिया गया।'

उन्होंने आगे कहा, 'पिच में इतना कुछ था कि उसने बाएं हाथ के बल्लेबाज को गेंद की लाइन में आकर शॉट खेलने की अनुमति नहीं दी। दोनों ही पहलुओं से यह देखना काफी सुखद था।'

26 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा ETPL

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से शुरू होगा और 20 सितंबर तक चलेगा। टूर्नामेंट के मुकाबले आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में खेले जाएंगे। लीग का उद्देश्य यूरोप में क्रिकेट को बढ़ावा देना और नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मंच देना है।