Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू की दहलीज पर खड़े हैं, लेकिन इसी बीच उनके छोटे भाई आशिर्वाद सूर्यवंशी ने भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बिहार के स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में महज 10 साल के आशिर्वाद ने ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया।

119 गेंदों में ठोक दिए 168 रन

रूईशव इलेवन की ओर से खेलते हुए आशिर्वाद सूर्यवंशी ने सिर्फ 119 गेंदों में 168 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 19 चौके और 6 शानदार छक्के शामिल रहे। आशिर्वाद की इस धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत उनकी टीम ने 7 विकेट पर 311 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी ने भी अपने छोटे भाई की इस उपलब्धि को सोशल मीडिया पर साझा किया और उनकी तारीफ की। इसके बाद से आशिर्वाद का नाम क्रिकेट फैंस के बीच तेजी से चर्चा में आ गया है।

पहले भी जड़ चुके हैं शानदार शतक

यह पहला मौका नहीं है जब आशिर्वाद ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया हो। कुछ सप्ताह पहले समस्तीपुर में खेले गए एक अभ्यास मैच में क्रिकेट अकादमी ताजपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 87 गेंदों में 103 रन बनाए थे। उस पारी में उन्होंने 20 चौके और एक छक्का लगाया था। लगातार बड़े स्कोर बनाने की वजह से आशिर्वाद को बिहार क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में गिना जाने लगा है।

वैभव रच सकते हैं इतिहास

दूसरी ओर बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ हैं और अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के करीब हैं। 15 वर्षीय वैभव पहले ही भारत की इंग्लैंड सीरीज और एशियाई खेलों की टीम में जगह बना चुके हैं। वैभव हाल ही में लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था और 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत ए को जीत दिलाई थी।

भारतीय क्रिकेट को मिल सकते हैं दो नए सितारे

वैभव सूर्यवंशी पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं, जबकि आशिर्वाद भी तेजी से सुर्खियां बटोर रहे हैं। जिस तरह दोनों भाई कम उम्र में बड़े-बड़े कारनामे कर रहे हैं, उसे देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले वर्षों में सूर्यवंशी परिवार भारतीय क्रिकेट को दो बड़े सितारे दे सकता है।