Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। युवराज को आईपीएल 2019 के लिए तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम ने खरीद लिया है। युवराज को उनके बेस प्राइस 1.50 करोड़ में खरीदा गया। मुंबई 3 बार (2013, 2015,2017) चैंपियन रह चुकी है। 

पहले सत्र में जब युवराज को किसी ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई तो ऐसा महसूस होने लगा कि शायद ही अब उन्हें कोई खरीदे लेकिन मुंबई ने संकेत दिए हैं कि उनके अंदर अभी भी क्रिकेट बाकी बचा है।
yuvraj singh image

IPL में 143 छक्के लगा चुके हैं युवराज
बल्लेबाजी : युवराज आईपीएल में अब तक 128 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 25 की औसत से 2652 रन बनाए हैं। 15 बार नाबाद लौटने वाले युवराज ने अपनी टीम के लिए 12 बार अर्धशतक भी लगाया है। 143 छक्के तो 210 चौके लगाने वाले युवराज का स्ट्राइक रेट 129.68 है। युवराज आईपीएल में अभी तक कोई शतक नहीं लगा पाए हैं।

गेंदबाजी : युवराज ऑलराऊंडर हैं। आईपीएल के दौरान उन्होंने 128 मैचों में 36 विकेट निकाले हैं। सबसे खास बात यह है कि वह दो बार चार विकेट का हॉल निकाल चुके हैं। 29 की औसत से रन देने वाले युवराज के लिए 2011 का सीजन बेहद शानदार रहा था। इस दौरान उन्होंने 9 विकेट भी निकाले थे। 
yuvraj singh image

संभावना थी चेन्नई सुपरकिंग्स लगाएगी बोली
युवराज मुंबई इंडियंस में चले तो गए लेकिन उनपर ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स द्वारा बोली लगाए जाने की चर्चा थी। दरअसल सीएसके ने अपने ऑफिशियिल ट्विटर पर क्रिस गेल और युवराज सिंह में से अपने क्रिकेट फैंस को किसी एक को चुनने को कहा था। तब ज्यादातर फैंस ने युवराज के नाम पर हामी भरी थी। वहीं, आईपीएल ऑक्शन द्वारा जब पहले स्तर में चेन्नई ने सिवाय मोहित शर्मा (5 करोड़) को छोड़कर किसी भी क्रिकेटर में दिलचस्पी नहीं दिखाई तो साफ होने लगा था कि धोनी अपने साथी युवराज को अपनी टीम में ले जाएंगे। लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
yuvraj singh image

सितारों से सजी मुंबई किस क्रम पर खेलेंगे युवराज, दुविधा बरकरार
युवराज सिंह पर मुंबई इंडियंस ने बोली तो लगा दी है लेकिन वह मुंबई के लिए किस क्रम पर खेलेंगे इसको लेकर अभी तक क्रिकेट फैंस दुविधा में फंसे हुए हैं। क्योंकि मुंबई इंडियंस शुरू से ही युवा ऑलराऊंडरों को प्रमोट करती आई है। ऐसे में लंबे समय से उनके पास अच्छे ऑलराऊंडर जमे हुए हैं। युवराज कभी ओपनिंग क्रम पर खेले नहीं हैं। ऐसे में मध्यक्रम पर मुंबई के वह किस दिग्गज प्लेयर को रिप्लेस करेंगे, क्रिकेट फैंस के लिए काफी दुविधा वाला मामला है।