Sports

बैकॉक : भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक ने आखिरी दौर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार अंडर 68 का स्कोर बनाया जिससे वह 10 लाख डॉलर इनामी अरामको टीम सीरीज बैकॉक में संयुक्त 26वें स्थान पर रही। त्वेसा ने आखिरी दौर में एक भी बोगी नहीं की। उन्होंने पांचवें होल में बर्डी बनाई और इसके बाद 13वें से 15वें होल तक लगातार तीन बर्डी की। बेल्जियम की मैनोन डि रोइ ने टूर्नामेंट जीता। उन्होंने आखिरी दौर में छह अंडर पार 66 का स्कोर बनाया। उनका कुल स्कोर 13 अंडर पार रहा। डि रोइ ने स्वीडन की योहाना गुस्तवासन को तीन शॉट से पीछे छोड़ा।


अदिति अशोक ने फाउंडर्स कप में कट हासिल किया
न्यू जर्सी : भारतीय गोल्फर अदिति अशोक फाउंडर्स कप गोल्फ चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में पार 72 के स्कोर के साथ कट हासिल करने में सफल रही। अदिति ने चौथे और 12वें होल में बोगी की जबकि 7वें और 16वें होल में बर्डी कर 72 का कार्ड खेला। उन्होंने पहले दौर में एक अंडर का स्कोर किया था। वह 80वें स्थान के साथ कट हासिल करने वाली आखिरी खिलाड़ी रही। मिनजी ली नौ अंडर 63 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर है। उनका कुल स्कोर 14 अंडर का है। 

अमनदीप द्राल स्विट्जरलैंड में 13वें और वाणी 23वें स्थान पर रहीं 
फ्लमसरबर्ग : भारतीय महिला गोल्फर अमनदीप द्राल ने 2022 फ्लमसरबर्ग लेडीज ओपन के अंतिम दौर में एक अंडर 71 का कार्ड खेला जिससे वह दो अंडर 213 के कुल स्कोर से शीर्ष 15 में जगह बनाने में सफल रहीं। साथी भारतीय गोल्फर वाणी कपूर पार-5 वाले 16वें होल पर ट्रिपल बोगी कर बैठी लेकिन इसके बावजूद 18वें होल में बर्डी की बदौलत 73 का कार्ड खेलने में कामयाब रहीं। इससे वह संयुक्त 23वें स्थान पर रहीं। अमनदीप ने पांचवें होल में एक शॉट ड्राप करने के बाद सातवें और 11वें होल में बर्डी लगाई। नीदरलैंड के अमेच्योर गोल्फर लॉरेन होल्मे ने दो अंडर 70 का कार्ड खेलकर खिताब जीता।