Sports

गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया) : पार-71 सैंक्चुअरी कोव गोल्फ एंड कंट्री क्लब में हो रही ऑस्ट्रेलियन WPGA चैंपियनशिप के पहले राउंड के बाद भारतीय खिलाड़यिों में दीक्षा डागर सबसे आगे रहीं। उन्होंने 4-अंडर 67 का मजबूत शुरुआती राउंड खेला और लीडरबोर्ड पर संयुक्त रूप से 8वें स्थान पर रहीं। वह लीडर केल्सी मैकडॉनल्ड (64) से चार शॉट पीछे हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती राउंड के साथ एक नया कोर्स रिकॉर्ड बनाया है। 

हिताशी बख्शी का शुरुआती राउंड भी काफी अच्छा रहा; उन्होंने 2-अंडर 69 का स्कोर बनाकर अपने हफ़्ते की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ी प्रणवी उर्स (72) और वाणी कपूर (73) हैं, जिनके लिए हफ़्ते की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही। उन्होंने क्रमश: 1-ओवर 72 और 2-ओवर 73 का स्कोर किया। वे अभी संयुक्त-68 और संयुक्त -81 स्थान पर हैं। दीक्षा का दिन बोगी-मुक्त रहा। उन्होंने अपने राउंड की शुरुआत नौवें होल से की, जहाँ से‘बैक नाइन'(अंतिम नौ होल) शुरू होते हैं। उन्होंने दसवें होल पर बर्डी बनाई, और फिर ‘फ्रंट नाइन' (शुरुआती नौ होल) पर तीन और बर्डी बनाकर दिन का समापन 4-अंडर पार स्कोर के साथ किया। 

दो बार की LET विजेता दीक्षा अब संयुक्त रूप से 8वें स्थान पर हैं। हिताशी बख्शी (69), जो एलईटी पर तीन मुश्किल हफ़्तों के बाद अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाह रही हैं, ने ‘फ्रंट नाइन' से शुरुआत की। चौथे, छठे और नौवें होल पर बर्डी बनाने के बावजूद, उन्होंने ‘फ्रंट नाइन' पर ‘इवन पार' (बराबर का स्कोर) खेला। उन्होंने पांचवें होल पर एक बोगी और आठवें होल पर एक ‘डबल बोगी' बनाकर तीन शॉट गंवा दिए। 

21 वर्षीय हिताशी ने 12वें और 18वें होल पर दो और बर्डी बनाईं और दिन का समापन 2-अंडर पार स्कोर के साथ करते हुए खुद को संयुक्त रूप से 23वें स्थान पर पहुंचा दिया। केल्सी मैकडॉनल्ड ने शुरुआती राउंड में 7-अंडर 64 का नया कोर्स रिकॉर्ड बनाया और एक स्ट्रोक की बढ़त के साथ सबसे आगे चल रही हैं। स्थानीय स्टार हन्ना ग्रीन दूसरे स्थान पर हैं और इंग्लैंड की शार्लेट हीथ के साथ मिलकर लीडर से सिफर् एक स्ट्रोक पीछे हैं। ग्रीन बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही हैं; उन्होंने पिछले हफ्ते ही एडिलेड में जीत हासिल की थी, और उससे ठीक दो हफ्ते पहले सिंगापुर में अपना सातवां LPGA खिताब जीता था।