कोलंबो (श्रीलंका) : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने नौ मैचों में आठवीं बार पाकिस्तान को मात दी।
हालांकि इस शानदार जीत के बाद मैदान पर कुछ ऐसे दृश्य सामने आए, जिन्होंने भारतीय खेमे में संभावित तनाव की अटकलों को हवा दे दी।
हार्दिक और सूर्यकुमार दिखे नाराज
मैच खत्म होने के तुरंत बाद हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव को कुलदीप यादव से तीखी बातचीत करते देखा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हार्दिक हैंडशेक के दौरान काफी नाराज नजर आए और इशारों में कुलदीप से कुछ कहते दिखे। तिलक वर्मा चिंतित दिखाई दिए, जबकि रिंकू सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसके बाद जब कुलदीप, सूर्यकुमार के पास पहुंचे तो कप्तान ने भी उन्हें सख्त अंदाज में समझाते हुए देखा गया।
ड्रॉप कैच बना विवाद की वजह
बताया जा रहा है कि यह नाराजगी पाकिस्तान की पारी के आखिरी ओवर में छूटे एक कैच को लेकर थी। हार्दिक पांड्या की गेंद पर शाहीन अफरीदी ने लॉन्ग-ऑन की दिशा में शॉट खेला। बाउंड्री के पास खड़े कुलदीप यादव ने गेंद पर दोनों हाथ लगाए, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसलकर छक्के के लिए बाहर चली गई।
इस मौके पर हार्दिक काफी निराश दिखे और गुस्से में कुछ शब्द कहते नजर आए। हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक ने उस्मान तारिक को बोल्ड कर पाकिस्तान की पारी 114 रन पर समाप्त कर दी और भारत को शानदार जीत दिलाई।
रिकॉर्ड कायम, नजरें अब नीदरलैंड्स पर
यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान पर भारत की आठवीं जीत रही। सुपर-8 में पहुंच चुकी टीम इंडिया अब 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगी।