Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज Brett Randell ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो पिछले 254 साल में कभी नहीं हुआ था। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि उन्होंने प्लंकेट शील्ड मैच में नेपियर के मैकलीन पार्क में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ हासिल की।

254 साल में पहली बार हुआ ऐसा

क्रिकेट स्टैटिस्टिशियन एंड हिस्टोरियंस एसोसिएशन के रिकॉर्ड के अनुसार 1772 में पहला मान्यता प्राप्त फर्स्ट क्लास मैच खेले जाने के बाद से अब तक किसी भी गेंदबाज ने लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट नहीं लिए थे। ऐसे में रैंडेल का यह कारनामा फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में पहली बार दर्ज हुआ है।

एक के बाद एक गिरे विकेट

30 वर्षीय रैंडेल ने अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर Henry Cooper को बोल्ड किया। इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर पूर्व न्यूजीलैंड टेस्ट बल्लेबाज Jeet Raval को आउट कर दिया। इसके बाद लगातार तीन और गेंदों पर तीन विकेट गिरे, जिसमें इंटरनेशनल ऑलराउंडर Christian Clark पांचवें शिकार बने और इतिहास बन गया।

रैंडेल बोले – सपने जैसा था यह पल

रैंडेल ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने बताया कि उनका फोकस सिर्फ सही लाइन और लेंथ पर गेंद डालने का था। हैट्रिक के बाद भी वही योजना जारी रखी और सब कुछ सही होता चला गया।

मैच का हाल

रैंडेल यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने अगले ओवर में दो और विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की पूरी टीम सिर्फ 82 रन पर सिमट गई, जबकि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स ने पहली पारी में 373 रन बनाए थे।