स्पोर्ट्स डेस्क : ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार शुरुआत करने वाले भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती सुपर 8 चरण में थोड़े महंगे साबित हुए हैं। खासकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। हालांकि, इसके बावजूद वह मौजूदा टूर्नामेंट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले उनके मेंटर प्रतीपन (Pratheepan) ने साफ किया कि उन्हें वरुण की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है।
‘डेटा बताता है कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं’
प्रतीपन ने कहा, 'मैंने आंकड़े देखे हैं। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। अगर पिच से किसी और को ज्यादा टर्न मिल रही होती और वरुण को नहीं, तो हम कुछ बदलाव की बात करते। लेकिन अभी ऐसा कुछ नहीं है। वरुण खुद भी चिंतित नहीं हैं।'
उन्होंने यह भी बताया कि टूर्नामेंट के दौरान वह लगातार वरुण के संपर्क में हैं और फिलहाल किसी तकनीकी बदलाव की जरूरत महसूस नहीं की गई है।
‘एंगल्स’ बन सकते हैं ट्रंप कार्ड
प्रतीपन के मुताबिक, अगर विकेट से ज्यादा टर्न नहीं मिल रही, तो गेंदबाज क्रीज और ट्रैजेक्टरी का इस्तेमाल कर ‘एंगल’ बनाकर फर्क पैदा कर सकता है। 'ओवर द विकेट, राउंड द विकेट, क्रीज का इस्तेमाल—कई विकल्प होते हैं। सिर्फ दो मैचों के आधार पर उस प्रक्रिया को नहीं बदला जा सकता जिसने उसे यहां तक पहुंचाया है।'
इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती का टी20 रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली है। पिछले साल पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 9.85 की औसत से 14 विकेट लिए थे, जिसमें एक फाइव विकेट हॉल भी शामिल था। उनका इकॉनमी रेट 7.66 रहा है।
वहीं, वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ पिछली भिड़ंत में वह भले ही दो ओवर में महंगे रहे, लेकिन जोस बटलर और लियाम लिविंगस्टोन जैसे अहम विकेट भी चटकाए थे। हालांकि, इस बार इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और विल जैक्स शानदार फॉर्म में हैं, जिससे मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।