Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हारों में से एक है। इस हार के बाद टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बड़ी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कोच ने दिया बड़ा हिंट

मैच के बाद टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रायन टेन डेशकाटे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगले कुछ दिनों में संजू सैमसन का नाम टीम में बदलाव की चर्चाओं में सबसे ऊपर रहेगा। उन्होंने कहा: 'क्या हम उन खिलाड़ियों के साथ रहें, जिन्होंने पिछले 18 महीनों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन अभी रन नहीं बना रहे हैं, या फिर संजू को मौका दें, जो टॉप ऑर्डर में राइट-हैंडर होने के कारण टैक्टिकल मदद दे सकते हैं?' टेन ने यह भी कहा कि अगले दो महत्वपूर्ण मैचों में यह चर्चा जारी रहेगी।

अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा पर दबाव

असिस्टेंट कोच ने खुलासा किया कि युवा ओपनर अभिषेक शर्मा फूड पॉइजनिंग से जूझ रहे थे और लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के कारण मानसिक दबाव में थे। उन्होंने कहा कि यह दबाव स्वाभाविक है और टीम मैनेजमेंट बड़े फैसले लेने के मूड में है।

अगला कदम

टीम इंडिया को अब जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बचे मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हार के बाद टीम में बदलाव की संभावना बढ़ गई है और सभी की निगाहें संजू सैमसन पर टिकी हैं।