Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में सैमसन भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 89 रन की शानदार पारी ने उन्हें इतिहास के पन्नों में जगह दिला दी। इस प्रदर्शन के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और रन बनाने के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में सिर्फ पांच पारियों में 321 रन बनाए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। कोहली ने एक संस्करण में 319 रन बनाए थे। वहीं तीसरे स्थान पर ईशान किशन का नाम आता है, जिन्होंने एक टी20 वर्ल्ड कप में 317 रन बनाए थे। यह उपलब्धि सैमसन की शानदार फॉर्म और पूरे टूर्नामेंट में उनकी निरंतरता को दर्शाती है। 

संजू सैमसन - 321 रन (5 इनिंग्स)
विराट कोहली - 319 रन (6 इनिंग्स)
इशान किशन - 317 रन (9 इनिंग्स)

लगातार तीसरा अर्धशतक 

फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ने एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में सैमसन ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। हालांकि वह तीनों बार शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन उनकी पारियां टीम के लिए बेहद अहम साबित हुईं।

शतक से चूके

संजू सैमसन जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि वह फाइनल में शतक भी पूरा कर सकते हैं। लेकिन 15वें ओवर में उनकी शानदार पारी समाप्त हो गई। जेम्स नीशम की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाउंड्री लाइन के पास खड़े कोल मैककोन्ची के हाथों में चली गई और उन्हें कैच आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को मजबूत स्कोर की दिशा में आगे बढ़ा दिया।