स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने चोट से उबर रहे तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर सकारात्मक अपडेट दिया है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों की वर्ल्ड कप में उपलब्धता अभी पूरी तरह पक्की नहीं मानी जा रही है।
न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर रहे तिलक और सुंदर
तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में नजर नहीं आए थे। तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं, वॉशिंगटन सुंदर वनडे सीरीज के दौरान लगी रिब इंजरी से रिकवर कर रहे हैं।
तिलक वर्मा की फिटनेस पर सूर्यकुमार का बयान
पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा की प्रगति को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'तिलक वर्मा अच्छी तरह रिकवर कर रहे हैं। मुझे जानकारी मिली है कि वह मुंबई में 2 और 4 फरवरी को दो प्रैक्टिस मैच खेलेंगे। दो मैच काफी होंगे। मैंने उनसे कल ही बात की थी। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग शुरू कर दी है। उम्मीद है कि वह जल्द ही पूरी तरह फिट हो जाएंगे।'
वॉशिंगटन सुंदर भी वापसी के करीब
सूर्यकुमार ने वॉशिंगटन सुंदर की स्थिति को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा, 'वॉशी भी अच्छा कर रहे हैं। हमने दोनों से कल बात की थी। तिलक ज्यादा बेहतर हैं, लेकिन वॉशी ने भी लगभग बल्लेबाजी और गेंदबाजी शुरू कर दी है। वह भी अच्छी स्थिति में हैं और जल्द ही वापसी करेंगे।'
T20 वर्ल्ड कप में खेलने की गारंटी नहीं
हालांकि फिटनेस अपडेट सकारात्मक हैं, लेकिन सूर्यकुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर की T20 वर्ल्ड कप में उपलब्धता फिलहाल पक्की नहीं है। टीम मैनेजमेंट दोनों खिलाड़ियों की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीती सीरीज
इस बीच भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें और आखिरी टी20 में 46 रन से हराकर सीरीज 4-1 से अपने नाम की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन: 103 रन, सूर्यकुमार यादव: 63 रन, जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन पर सिमट गई।
अब वर्ल्ड कप पर नजर
टीम इंडिया अब पूरी तरह T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुट जाएगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका (USA) के खिलाफ करेगा।
T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।