स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ आगाज किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न सिर्फ मैच जिताऊ पारी खेली, बल्कि विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास भी रच दिया। सूर्या अब टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने USA को 29 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अमेरिकी टीम की फील्डिंग मैच में भारी पड़ गई, जब उन्होंने तीन आसान कैच छोड़ दिए, जिसका पूरा फायदा भारतीय बल्लेबाजों ने उठाया।
सूर्या की कप्तानी पारी, रिकॉर्ड्स की बरसात
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कप्तान के तौर पर अपना 8वां टी-20I अर्धशतक जड़ा और टी-20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 1000 रन भी पूरे किए। 162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
IND vs USA: टॉप रिकॉर्ड्स
1. सूर्या ने 17वीं बार जीता प्लेयर ऑफ द मैच
सूर्यकुमार यादव ने 17वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतकर विराट कोहली (16) को पीछे छोड़ दिया। इस लिस्ट में रोहित शर्मा (14), अक्षर पटेल (8) और जसप्रीत बुमराह (7) शामिल हैं। रोहित शर्मा के बाद सूर्या T20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने।
2. भारत की लगातार 9वीं जीत
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 9 मैच जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया 8-8 मैचों की जीत तक ही पहुंच सके थे।
3. एक ओवर में 20+ रन, सूर्या सबसे आगे
सूर्यकुमार यादव ने टी-20 क्रिकेट में 7वीं बार एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बनाए और इस मामले में रोहित शर्मा (6) को पीछे छोड़ दिया।
मैच के यादगार मोमेंट्स
रोहित शर्मा और जय शाह की ट्रॉफी एंट्री
मैच से पहले रोहित शर्मा और ICC अध्यक्ष जय शाह ट्रॉफी लेकर मैदान में पहुंचे। रोहित 2024 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कप्तान और इस टूर्नामेंट के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
सूर्या को मिला जीवनदान, वानखेड़े में ‘सूर्या…सूर्या’
10वें ओवर में शुभम रंजने ने सूर्या का कैच छोड़ दिया, जब वह सिर्फ 15 रन पर थे। इसके बाद सूर्या ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 17.1 ओवर में अर्धशतक पूरा करते ही वानखेड़े स्टेडियम ‘सूर्या…सूर्या’ के नारों से गूंज उठा।
गिरते हुए लगाया सिक्स
19.2 ओवर में सूर्या ने गिरते हुए फाइन लेग के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा, जो मैच का सबसे वायरल पल रहा।