Sports

कोलंबो : इशान किशन (77), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27 ) की शानदार विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्वकप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर सात विकेट पर 175 रन खड़ा किया। 

आज यहां टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और उसने अभिषेक शर्मा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये तिलक वर्मा ने इशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। नौवें ओवर में सैम अयूब ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे इशान किशान को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। इशान किशान ने 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 77 रनों की पारी खेली। 

15वें ओवर में सैम अयूब ने तिलक वर्मा 24 गेंदों में 25 रन और उसके अगली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या (शून्य) को आउट कर पाकिस्तान की मैच में वापसी कराई। 19वें ओवर में उस्मान तारिक की गेंद पर बड़ा शॉट खेलते हुए सूर्यकुमार यादव बाउंड्री पर कैच आउट हुये। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाये। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए। 

भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 175 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह चार गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिये सैम अयूब ने तीन विकेट लिये। शाहीन शाह अफरीदी और आगा सलमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।