स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने तीसरे नम्बर पर किस खिलाड़ी से बल्लेबाजी कराई जाए इस पर अपने विचार रखे हैं। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के बजाय साई सुदर्शन को नंबर 3 के बल्लेबाज के तौर पर चुना है। चोपड़ा का मानना है कि पडिक्कल घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं।
भारत शनिवार 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा। सुदर्शन और पडिक्कल मेजबान टीम की बल्लेबाजी क्रम में नंबर 3 की जगह के लिए आपस में मुकाबला कर रहे हैं। अपने यूट्युब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में चोपड़ा से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में नंबर 3 की जगह के लिए सुदर्शन और पडिक्कल के बीच संभावित मुकाबले के बारे में पूछा गया।
उन्होंने जवाब दिया, 'मुझे लगता है कि आपको साई को खिलाना चाहिए। आपने पिछले टेस्ट मैच में साई को नंबर 3 पर खिलाया था। मुझे पता है कि देवदत्त पडिक्कल शानदार फॉर्म में हैं। IPL में दोनों की फॉर्म लगभग बराबर थी, लेकिन अगर हम उससे पहले देखें तो देवदत्त पडिक्कल की फर्स्ट-क्लास फॉर्म बेहतरीन थी। विजय हजारे ट्रॉफी में उनका औसत 90 था और रणजी ट्रॉफी में भी उनका औसत 50 से ज्यादा था। इसलिए वह रन बनाकर आ रहे हैं और ऐसा लगता है कि आपको उनकी तरफ जाना चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन अगर आप ऐसा करते रहेंगे तो कोई खिलाड़ी तैयार कैसे होगा? आपने साई को वेस्टइंडीज के खिलाफ खिलाया था। उन्होंने पिछले मैच में रन बनाए थे और फिर आपने उन्हें अगले मैच के लिए तुरंत टीम से बाहर कर दिया। फिर आपने उन्हें एक मैच खिलाया। अगर आप साई को फिर से बाहर करेंगे तो वह तैयार नहीं हो पाएगा। अगर आप इसी तरह 'म्यूजिकल चेयर्स' का खेल खेलते रहेंगे तो देवदत्त भी तैयार नहीं हो पाएगा। इसलिए अभी के लिए आपको साई सुदर्शन के साथ ही बने रहना होगा।'
गौर हो कि साई सुदर्शन ने छह टेस्ट मैचों में 27.45 की औसत से 302 रन बनाए हैं। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने अभी तक दो टेस्ट मैच खेले हैं और 30.00 की औसत से कुल 90 रन बनाए हैं।