स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के तथाकथित ‘मिस्ट्री स्पिनर’ उस्मान तारिक को लेकर बड़ा बयान दिया है। कोलकाता में आयोजित सीएबी कार्यक्रम के दौरान गांगुली ने साफ कहा कि भारतीय बल्लेबाज तारिक से निपटना अच्छी तरह जानते हैं।
‘मिस्ट्री’ पर गांगुली की दो टूक
उस्मान तारिक की ‘पॉज-एंड-स्लिंग’ एक्शन की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। महज चार टी20 मैचों में 11 विकेट लेने वाले इस गेंदबाज को लेकर काफी हाइप है। हालांकि गांगुली इससे सहमत नहीं दिखे।
उन्होंने कहा, 'कुछ भी मुश्किल नहीं है। वह एक ऑफ स्पिनर है, बस थोड़ा रुककर गेंदबाजी करता है। वह आउट-एंड-आउट ऑफ स्पिनर है और भारत उसे अच्छी तरह खेलेगा।' गांगुली के मुताबिक तारिक की गेंदबाजी में कोई रहस्यमयी विविधता नहीं, बल्कि लय में हल्का बदलाव ही उसकी खासियत है, जिसे भारतीय बल्लेबाज संभाल सकते हैं।
टीम कॉम्बिनेशन पर भी दी सलाह
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन के अनुकूल मानी जा रही है। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में तीसरे स्पेशलिस्ट स्पिनर को शामिल करने की चर्चा तेज है। लेकिन गांगुली ने टीम संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
उनका मानना है कि अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह मुख्य गेंदबाज होने चाहिए। उन्होंने बल्लेबाजी संतुलन बिगाड़कर रिंकू सिंह की जगह कुलदीप यादव को शामिल करने के विचार को सही नहीं बताया। साथ ही, पेट की परेशानी से उबर चुके अभिषेक शर्मा की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
पाकिस्तान की मौजूदा टीम पर तुलना
जब मौजूदा पाकिस्तानी टीम की ताकत पर सवाल पूछा गया तो गांगुली ने अपने दौर की टीम से तुलना करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज की टीम में वह दबदबा नहीं है, जो इंज़माम-उल-हक, सईद अनवर, मोहम्मद यूसुफ, वसीम अकरम और वकार यूनिस जैसे दिग्गजों के समय दिखता था। गांगुली के इस बयान से मुकाबले से पहले बयानबाजी का दौर और तेज हो गया है।
कप्तान सलमान अली आगा का बचाव
दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने तारिक का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने बेवजह उनके एक्शन को मुद्दा बनाया है और खिलाड़ी को दो बार क्लीन चिट मिल चुकी है।
अब सबकी नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर हैं, जहां मैदान पर तय होगा कि उस्मान तारिक वाकई ‘मिस्ट्री’ हैं या भारतीय बल्लेबाजों के सामने साधारण ऑफ स्पिनर साबित होंगे।