Sports

प्राग, चेक गणराज्य (निकलेश जैन) वर्तमान महिला विश्व कप विजेता भारत की दिव्या देशमुख नें फ़ीडे कैंडिडेट के पहले प्राग चैलेंजर में 9 राउंड के बाद 5 अंक बनाते हुए तीसरा स्थान हासिल करते हुए ना सिर्फ़ विश्व टॉप 10 महिला खिलाड़ियों में ख़ुद को शामिल कर लिया है बल्कि कैंडिडेट शुरू होने के पहले अपनी मजबूत दावेदारी भी प्रस्तुत कर दी है । दिव्या इस 10 खिलाड़ियों के राउंड रॉबिन मजबूत टूर्नामेंट में शामिल दो महिला खिलाड़ियों में से एक थी विश्व नंबर 3 चीन की ज़ू जिनर भी इस मुक़ाबले का हिस्सा थी जो 2.5 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर रही। दिव्या देशमुख नें आख़िरी राउंड में मेजबान चेक गणराज्य के स्टीफन हर्बेक को मात देते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की । चेक गणराज्य के फिनेक वैक्लेव 6.5 अंकों के साथ पहले और स्पेन के यूफ़ा डेनियल 6 अंक बनाकर दूसरे स्थान पर रहे । भारत के सूर्य शेखर गांगुली 4 अंक बनाकर आठवें स्थान पर रहे । 

फ़िलहाल दिव्या 2510 फ़ीडे रेटिंग अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में दसवें स्थान पर पहुँच गई है . 2535 अंकों के साथ अभी भी कोनेरू हंपी विश्व में नंबर 5 और भारत की शीर्ष खिलाड़ी बनी हुई है ।