Sports

चंडीगढ़ : पंजाब किंग्स के युवा सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रभसिमरन ने 2025 सीजन में लगातार चार 50+ स्कोर बनाकर पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा लगातार अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह उपलब्धि उन्हें फ्रैंचाइजी के दिग्गज खिलाड़ियों से आगे ले जाती है। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेविड मिलर (2013), ग्लेन मैक्सवेल (2014), क्रिस गेल (2018) और केएल राहुल (2018, 2019, 2020) के नाम था, जिन्होंने लगातार 3-3 बार 50+ स्कोर बनाए थे। प्रभसिमरन की इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनकी प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि पंजाब किंग्स के लिए उनकी अहमियत को भी रेखांकित किया।

 

ऐसे खेल रही थी पंजाब 
प्रभसिमरन ने प्रियांश के साथ मिलकर एक बार फिर से टीम को बढ़िया शुरूआत दी। दोनों ने पावरप्ले में ही टीम स्कोर बिना विकेट गंवाए 69 पर ला खड़ा किया। इस दौरान नटराजन को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने 11 से ऊपर की इकोनमी से रन दिए। प्रियांश लय में दिखे और अर्धशतक के पास पहुंच गए। प्रियांश ने 25 गेंदों पर अर्धशतक बनाया। उन्होंने ताबड़तोड़ छक्के लगाए और 34 गेंदों पर 5 चौके और 6 छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर नटराजन का शिकार हो गए। इस दौरान प्रभसिमरन ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। वह इसी के साथ पंजाब की ओर से बतौर ओपनर लगातार चार पारियों में अर्धशतक बनाने वाले पहले प्लेयर भी बन गए हैं। उन्होंने क्रिस गेल और केएल राहुल को पीछे छोड़ा। पंजाब जब 10.1 ओवर में 119 रन बना चुकी थी तभी मैच फ्लड लाइट्स बंद होने के कारण रोक दिया गया।


ऑरेंज कैप की रेस में छठे स्थान पर प्रभसिमरन
प्रभसिमरन ने दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 50 रन बनाए और 12 मैचों में 487 रन पूरे कर लिए। इसी के साथ वह ऑरेंज कैप की रेस में छठे स्थान पर आ गए हैं। इस लिस्ट में सूर्यकुमार यादव 510 रन के साथ टॉप पर बने हुए हैं। साई सुदर्शन के नाम 509 रन है जबकि तीसरे स्थान पर काबिज शुभमन गिल 508 रन बना चुके हैं। 505 रन के साथ विराट कोहली चौथे तो जोस बटलर 500 रन के साथ 5वें स्थान पर आ गए हैं।