Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : बांग्लादेश महिला टीम की खिलाड़ी नाहिदा अख्तर और सरमिन सुल्ताना को ICC ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए दंडित किया है। दोनों खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।

यह मामला श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान सामने आया, जहां दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग घटनाओं में नियमों का उल्लंघन किया।

क्या था पूरा मामला?

नाहिदा अख्तर ने श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु को आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में पवेलियन की ओर इशारा किया, जिसे ICC ने उकसाने वाला व्यवहार माना।

वहीं सरमिन सुल्ताना को LBW आउट दिए जाने के बाद उन्होंने अंपायर के फैसले पर असंतोष जताया और मैदान छोड़ने में देरी की। यह भी आचार संहिता का उल्लंघन माना गया।

ICC के नियमों के तहत सजा

दोनों खिलाड़ियों का अपराध लेवल-1 श्रेणी में रखा गया। ICC नियमों के अनुसार इस स्तर पर चेतावनी से लेकर 50 प्रतिशत मैच फीस तक जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं।

मैच अधिकारियों—ऑन-फील्ड अंपायर, थर्ड अंपायर और मैच रेफरी—की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सजा मान ली।

सीरीज की स्थिति

इस मुकाबले में श्रीलंका ने शानदार वापसी करते हुए तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया। अब सीरीज का अंतिम मैच निर्णायक होगा।