Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले अमेरिका (USA) के ऑलराउंडर मोहम्मद मोहसिन ने बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। मोहसिन का मानना है कि इस मैच में दबाव पूरी तरह पाकिस्तान पर होगा, क्योंकि USA की टीम उन्हें पहले भी हरा चुकी है।

“हमारे पास खोने को कुछ नहीं”

प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहसिन ने कहा, 'पाकिस्तान के खिलाफ, क्योंकि हम उन्हें एक बार हरा चुके हैं, मुझे लगता है कि दबाव पूरी तरह उन्हीं पर है। हमारे पास इस वर्ल्ड कप में खोने को कुछ नहीं है। हम अपनी जर्नी एन्जॉय कर रहे हैं और उम्मीद है कि अगला मैच और भी बेहतर होगा।' USA अब श्रीलंका पहुंच चुकी है, जहां उसका सामना पाकिस्तान से होना है।

भारत के खिलाफ हार से भी मिला आत्मविश्वास

मोहसिन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ मिली हार पर भी बात की। उन्होंने माना कि शुरुआती 15 ओवर के बाद USA मजबूत स्थिति में थी, लेकिन मैच हाथ से निकल गया।

'यह हार मुश्किल थी, खासकर तब जब 15 ओवर के बाद मैच हमारे पक्ष में था। लेकिन हमने सिर्फ पॉजिटिव चीजों पर फोकस किया। हार के बावजूद हमें खासकर गेंदबाजी यूनिट के तौर पर काफी आत्मविश्वास मिला।' मोहसिन ने बताया कि अभ्यास मैचों में USA की गेंदबाजी कमजोर रही थी, लेकिन भारत के खिलाफ प्रदर्शन से गेंदबाजों का हौसला बढ़ा है।

बल्लेबाजी USA की ताकत

USA ऑलराउंडर ने कहा कि टीम की बल्लेबाजी उसका मजबूत पक्ष है और अब गेंदबाजी भी धीरे-धीरे बेहतर होती जा रही है।

'बल्लेबाजी हमारी स्ट्रॉन्ग कोर है। भारत के खिलाफ मैच के बाद गेंदबाजों में भी भरोसा आया है। आगे के मैचों में आप हमारी गेंदबाजी को और बेहतर होते देखेंगे।'

पाकिस्तान को पहले भी चौंका चुका है USA

USA और पाकिस्तान की पिछली भिड़ंत T20 World Cup 2024 में हुई थी, जहां USA ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। यही वजह है कि मोहसिन को लगता है कि इस बार भी पाकिस्तान पर मानसिक दबाव रहेगा।

पाकिस्तान खिलाड़ियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं मोहसिन

पेशावर में जन्मे मोहसिन ने पाकिस्तान में अंडर-एज और फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला है। वह मौजूदा पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अच्छी तरह जानते हैं।

'मैं पाकिस्तान की मौजूदा टीम के लगभग सभी खिलाड़ियों के खिलाफ खेल चुका हूं। जो भी इनपुट्स मेरे पास होते हैं, मैं टीम मीटिंग्स में शेयर करता हूं।' उन्होंने USA टीम के एनालिस्ट्स और कोचिंग स्टाफ की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने खिलाड़ियों के खिलाफ विस्तृत डेटा और एनालिसिस मुहैया कराया है।

पाकिस्तान भी दबाव में

जहां USA ने भारत को कड़ी टक्कर दी, वहीं पाकिस्तान को नीदरलैंड्स के खिलाफ भी संघर्ष करना पड़ा था। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान अंतिम ओवरों में फंसा हुआ था, जिसे फहीम अशरफ की तेज पारी ने संभाला। अब दोनों टीमें कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में आमने-सामने होंगी।