स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले के बायकॉट को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और पाकिस्तान सरकार पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने अपने ‘भारत बायकॉट’ फैसले के समर्थन में कई अन्य क्रिकेट बोर्डों से संपर्क किया, लेकिन उसे कहीं से भी समर्थन नहीं मिला। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग पड़े पाकिस्तान के लिए अब इस फैसले से पीछे हटने के अलावा कोई ठोस विकल्प नजर नहीं आ रहा है।
ICC को नहीं मिली PCB की आधिकारिक चिट्ठी
पाकिस्तान ने ऐलान किया था कि वह T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगा। हालांकि, ICC ने साफ किया है कि उसे अब तक PCB की ओर से इस फैसले पर कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है। ICC ने पाकिस्तान से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा है और चेताया है कि इसका देश के क्रिकेट पर दूरगामी असर पड़ सकता है।
बायकॉट हुआ तो हो सकता है भारी नुकसान
अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है तो उसे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। अनुमान है कि ICC टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मुकाबला अकेले 2000 करोड़ रुपये (करीब 250 मिलियन डॉलर) से ज्यादा की कमाई करता है। ऐसे में बायकॉट की स्थिति में पाकिस्तान को करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है और ICC की ओर से आर्थिक प्रतिबंध या टूर्नामेंट से निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई भी संभव है।
डेनिश कनेरिया ने पाकिस्तान पर साधा निशाना
पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर डेनिश कनेरिया ने बायकॉट के फैसले को गैर-तार्किक बताते हुए कहा कि इससे दुनिया में यह संदेश जाएगा कि पाकिस्तान भारत से खेलने से डर रहा है। कनेरिया ने कहा कि पाकिस्तान को दूसरों के मुद्दों में उलझने के बजाय अपने क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।
कमरान अकमल ने सरकार के फैसले का किया समर्थन
पूर्व विकेटकीपर कमरान अकमल ने पाकिस्तान सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए ICC से पाकिस्तान की संप्रभुता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भारत ने हाइब्रिड मॉडल में खेलने का फैसला किया था, तब पाकिस्तान ने उसका सम्मान किया था, इसलिए अब ICC को भी PCB के फैसले को समझना चाहिए।
हरभजन सिंह का तीखा बयान
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान के रुख को ‘बेहद बेतुका’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को नतीजों के लिए तैयार रहना चाहिए और बाद में यू-टर्न लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। हरभजन ने इसे जनता को गुमराह करने वाला ड्रामा बताया।
पाकिस्तान टीम श्रीलंका पहुंची, बातचीत जारी
विवाद के बीच पाकिस्तान की टीम कोलंबो पहुंच चुकी है। सूत्रों का कहना है कि पर्दे के पीछे (बैक-चैनल) बातचीत जारी है, ताकि स्थिति को संभाला जा सके और किसी बड़े टकराव से बचा जा सके।