नई दिल्ली : भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का मानना है कि पिछले वर्ष महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और इसी वजह से आगामी महिला टी20 विश्व कप में भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है। महिला टी20 विश्व कप 12 जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
पिछली बार 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड चैंपियन बना था। भारत को ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। इस ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। जेमिमा ने 'जियोस्टार' के 'चैंपियंस हडल' कार्यक्रम में कहा, 'हर कोई उसकी (एकदिवसीय विश्व कप जीत) सफलता का हिस्सा था। सभी जानते हैं कि दबाव कैसा होता है और हर कोई यह भी जानता है कि हमने एक बार यह कर दिखाया है और दोबारा भी कर सकते हैं। सभी में यह भरोसा है।'
उन्होंने कहा, 'एक बार खिताब जीतने के बाद टीम की भूख और बढ़ जाती है तथा अब लक्ष्य सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई ट्रॉफियां जीतना है। हम जहां भी जाते हैं, हमारे प्रशंसक हमारा भरपूर समर्थन करते हैं और खिलाड़ियों को हमेशा घर जैसा माहौल मिलता है। इसी वजह से मुझे पूरा विश्वास है कि भारत इस विश्व कप का मजबूत दावेदार है।'
यह 25 वर्षीय बल्लेबाज पिछले साल भारत की ऐतिहासिक पहली महिला वनडे विश्व कप जीत की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल थीं। उन्होंने कहा, 'पहले टीम केवल सफलता की कल्पना करती थी, लेकिन अब हमने उसे हासिल कर लिया है। इससे हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है कि हम इसे दोबारा भी हासिल कर सकते हैं। 2025 विश्व कप जीतने वाली टीम के इतने सारे सदस्यों का इस टीम में होना बहुत अच्छा है। साथ ही कुछ युवा खिलाड़ी भी शामिल हुए हैं। मुझे लगता है कि यह सकारात्मक ऊर्जा उन पर भी असर डालेगी। हर कोई अपने अनुभव साझा करेगा।'
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वनडे विश्व कप की जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब उन्हें भरोसा है कि वे अन्य वैश्विक टूर्नामेंट भी जीत सकती हैं। उन्होंने कहा, ''हां, बिल्कुल। मुझे लगता है कि हर कोई मुझसे सहमत होगा कि पहला वनडे विश्व कप जीतने के बाद हमारी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उम्मीद है कि हम ट्रॉफियां जीतने का यह सिलसिला जारी रखेंगे।' उन्होंने कहा, 'एक कप्तान के तौर पर मैं यही चाहती हूं और मुझे लगता है कि हमारी टीम में हर कोई यही सपना देख रहा है। उम्मीद है कि हम इसी दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।'
मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि टीम जीत को अपनी आदत बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, 'हर टूर्नामेंट में दबाव होता है और खिलाड़ी इसके आदी हो चुके हैं। वे लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं। हम पहली बार एकदिवसीय विश्व कप चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेंगे।' उन्होंने कहा, 'जीतना एक आदत है। पिछले तीन वर्षों में हमने हर श्रृंखला जीतने और प्रत्येक श्रृंखला को पूरा महत्व देने की कोशिश की है।'
उन्होंने कहा, 'लगातार श्रृंखलाएं जीतते रहने से सफलता टीम की आदत बन जाती है। पिछले एक महीने से खिलाड़ी इसी उद्देश्य को लेकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैंने किसी भी टीम (चाहे वह पुरुषों की हो या महिलाओं की) को किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए इतनी लगन, मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए नहीं देखा है।'