Sports

तिरुवनंतपुरम : केरल क्रिकेट संघ (KCA) ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एस श्रीसंत पर पिछले साल लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध को बुधवार को हटा लिया। यह प्रतिबंध संघ के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के कारण लगाया गया था। 

KCA के बयान के मुताबिक उसने अपनी विशेष आम बैठक में प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। बयान में कहा गया है कि यह फैसला क्रिकेटर के बिना शर्त माफी मांगने और KCA के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताने के बाद किया गया। बयान के अनुसार श्रीसंत पर यह प्रतिबंध पिछले केरल क्रिकेट लीग (KCL) के मुकाबलों से पहले लगाया गया था। हालांकि, एसोसिएशन ने श्रीसंत को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कोई भी व्यवहार करने पर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग (KCL) के तीसरे सीजन में 'एरीज कोल्लम सेलर्स' फ्रैंचाइजी के सह-मालिक के तौर पर बने रह सकेंगे। KCA ने पिछले KCL सीजन से पहले यह प्रतिबंध लगाया था। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने देश के लिए तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला है। उन्होंने 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 T20I मैच खेले हैं।

श्रीसंत ने टेस्ट 37.59 की औसत से 87 विकेट लिए। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 5 विकेट और एक मैच में 99 रन देकर 8 विकेट रहा, इसमें चार बार एक पारी में 4 विकेट और तीन बार 5 विकेट लेने का कमाल भी शामिल है। वनडे मैचों में उन्होंने 33.44 की औसत से 75 विकेट लिए जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 55 रन देकर 6 विकेट रहा। वहीं T20I मैचों में उन्होंने 10 मैचों में 7 विकेट लिए। 

श्रीसंत ने घरेलू क्रिकेट में 74 फर्स्ट-क्लास मैच खेले और 213 विकेट लिए (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 5 विकेट)। इसके अलावा उन्होंने 92 लिस्ट-ए मैचों में 124 विकेट और 65 T20 मैचों में 54 विकेट लिए, जो सभी फॉर्मेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन को दर्शाता है।