स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम पर होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय ओपनर और चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारत के लिए बड़ा खतरा नहीं है और सिर्फ उनकी स्पिन गेंदबाजी ही चुनौती पेश कर सकती है।
साहिबजादा फरहान पर निशाना
श्रीकांत ने पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को लेकर भविष्यवाणी की कि वह भारत के खिलाफ सफल नहीं होंगे।उनका मानना है कि या तो जसप्रीत बुमराह उन्हें बोल्ड कर देंगे या फिर वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उनका स्टंप उड़ जाएगा।
उन्होंने कहा, 'सब लोग फरहान को लेकर हाइप बना रहे हैं, लेकिन वह कल फ्लॉप होंगे। एक बार वह आउट हो गए तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी खत्म हो जाएगी।'
बाबर और सलमान पर तंज
श्रीकांत ने कहा कि पाकिस्तान के पास टी20 फॉर्मेट के अनुरूप बल्लेबाजों की कमी है। उनके मुताबिक, बाबर आजम टी20 में भी टेस्ट मैच की तरह बल्लेबाजी करते हैं। कप्तान सलमान आगा को उन्होंने ‘बाबर 2.0’ बताया। शादाब खान को छोड़कर कोई खतरनाक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज नजर नहीं आता।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान के बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को खेलने में असहज रहते हैं।
पाकिस्तान की स्पिन ही असली खतरा
हालांकि श्रीकांत ने पाकिस्तान की स्पिन आक्रमण को मजबूत बताया। अमेरिका के खिलाफ मैच में पाकिस्तान ने पांच स्पिनरों को खिलाया था। उन्होंने यह भी माना कि भारतीय मिडिल ऑर्डर ने अब तक स्पिन के खिलाफ पूरी तरह आत्मविश्वास नहीं दिखाया है और यह मुकाबले का अहम फैक्टर हो सकता है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
हाल के टी20 मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी रहा है। पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दोनों टीमें अपने शुरुआती दो मैच जीतकर आमने-सामने आ रही हैं, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।