Sports

पर्थ : भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही फ्रेंडली सीरीज के तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया पर 2-0 की शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत अब चार मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे हो गया है। 

पहले मैच में मिली हार के बाद भारत ने दूसरे मैच में शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल करते हुए शानदार वापसी की थी। दोनों टीमों के बीच खेले गए तीसरे मैच में दोनों ही पक्षों की ओर से अनुशासित रक्षात्मक खेल देखने को मिला। पहले दो क्वाटर्र में कोई गोल नहीं हुआ और हाफ-टाइम तक स्कोर 0-0 ही रहा। 

आखिरकार भारत को तीसरे क्वाटर्र में सफलता मिली, जब सोनम (36वें मिनट) ने एक फील्ड गोल करके मेहमान टीम को बढ़त दिला दी। भारत ने आखिरी क्वाटर्र में भी अपनी लय बरकरार रखी। लालरेमसियामी (49वें मिनट) ने एक और फील्ड गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया और अपनी टीम के लिए 2-0 की जीत पक्की कर दी। सीरीज का चौथा और आखिरी मैच शनिवार 30 मई को इसी मैदान पर भारतीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे खेला जाएगा।