Sports

कोलकाता : भारतीय टीम के सहायक कोच के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करने के बाद रयान टेन डोएशे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़ गए हैं जहां वह क्रिकेट रणनीति प्रमुख की भूमिका निभाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने पुष्टि की है कि टेन डोएशे और फील्डिंग कोच टी दिलीप का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। 

नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज टेन डोएशे अब KKR फ्रेंचाइजी में एक नई भूमिका में नजर आएंगे, जिसमें क्रिकेट रणनीति, प्रतिभा खोज और विश्व भर में KKR से जुड़ी टीमों के विकास पर निगरानी रखना शामिल है। टेन डोएशे KKR फ्रेंचाइजी में खिलाड़ियों की खोज, उनके चयन, टीम योजना और प्रदर्शन का मूल्यांकन करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे। 

टेन डोएशे कैरेबियाई प्रीमियर लीग (CPL) में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, ILT20 में अबूधाबी नाइट राइडर्स और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के सहायक कोच के रूप में भी कार्य करेंगे। KKR के एक बयान में टेन डोएशे ने कहा, 'यह हमारे वैश्विक फ्रेंचाइजी में कोचिंग और टीमों के आकलन से जुड़े लोगों के साथ काम करने, हमारे प्रतिभा खोज और खिलाड़ी विकास प्रणालियों को मजबूत करने और एक दीर्घकालिक क्रिकेट रणनीति बनाने का एक अनूठा अवसर है।' 

टेन डोएशे 2012 और 2014 में KKR की IPL चैंपियन बनने वाली टीम के सदस्य थे। KKR ने जब 2024 में तीसरा खिताब जीता था तब वह उसके कोचिंग स्टाफ के सदस्य थे।