नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया A टीम का ऐलान कर दिया है। दो बहु-दिवसीय मुकाबलों की इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी गई है, जिसकी कमान युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है। टीम में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को पहली बार मौका मिला है।
ध्रुव जुरेल बने इंडिया A के कप्तान
श्रीलंका दौरे पर इंडिया A टीम जुलाई-अगस्त में दो मल्टी-डे मैच खेलेगी। चयनकर्ताओं ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। विदर्भ के बल्लेबाज अमन मोखाड़े, जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी, छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे और मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को उनके दमदार प्रदर्शन का इनाम मिला है।
सुदर्शन-पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों को भी मौका
इंडिया A टीम में ध्रुव जुरेल और साई सुदर्शन जैसे स्थापित रेड-बॉल खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा हर्ष दुबे और गुरनूर बरार को भी टीम में बरकरार रखा गया है। दोनों खिलाड़ियों को हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम में भी जगह मिली थी।
कई खिलाड़ियों को पहली बार इंडिया A टीम में मौका
इस दौरे के लिए कई खिलाड़ियों को पहली बार इंडिया A टीम में शामिल किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी, औकिब नबी, विदर्भ के अमन मोखाड़े, शेख राशिद और आयुष पांडे शामिल हैं। वहीं अनुभवी खिलाड़ियों में देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़ और एन जगदीशन भी टीम का हिस्सा हैं, जो पहले भी इंडिया A के लिए खेल चुके हैं।
वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली इंडिया A में जगह
काफी समय से चर्चा थी कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया A टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें इस टीम में जगह नहीं दी। इसके बजाय 15 वर्षीय बल्लेबाज को इससे भी बड़ा मौका मिला है। वैभव को भारत की सीनियर टी20 टीम में चुना गया है और वह आयरलैंड तथा इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया A टीम
ध्रुव जुरेल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, रुतुराज गायकवाड़, शेख राशिद, हर्ष दुबे, अंशुल कंबोज, सारांश जैन, गुरनूर बरार, एन जगदीशन (विकेटकीपर), अमन मोखाड़े, औकिब नबी, यश ठाकुर और जीशान अंसारी।