स्पोर्ट्स डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ रोमांचक मुकाबला जीतकर डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में जसप्रीत बुमराह को ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ मेडल दिया गया, लेकिन उन्होंने सुर्खियां अपने नाम करने के बजाय शिवम दुबे की तारीफ कर सबका दिल जीत लिया।
बुमराह को मिला ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ मेडल
मिडिल ओवर्स में जब वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर बनाने की ओर बढ़ रहा था, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह को गेंद थमाई। 12वें ओवर में बुमराह ने दो झटके देकर मैच का रुख पलट दिया।
पहले शिमरोन हेटमायर को हल्की सी एज पर आउट कराया, फिर शानदार स्लोअर बॉल से रोस्टन चेज को चकमा दिया। एक ही ओवर में दो विकेट लेकर उन्होंने विंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया।
मेडल लिया, लेकिन दुबे को दिया श्रेय
मेडल लेने के बाद बुमराह ने कहा: 'दुबे को खास मेंशन करना चाहूंगा। उन्होंने जो दो चौके लगाए, उससे हमारी टीम पर दबाव नहीं आने दिया।'
ड्रेसिंग रूम तालियों से गूंज उठा।
जब किसी ने तिलक वर्मा का जिक्र किया तो बुमराह ने उन्हें भी सराहा और कहा कि बड़े मैच में सभी को साथ मिलकर जीत हासिल करनी होगी।
रन चेज में तिलक और दुबे की अहम भूमिका
सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद तिलक वर्मा नंबर 5 पर आए और 15 गेंदों में 27 रन (4 चौके, 1 छक्का) बनाकर संजू सैमसन का अच्छा साथ दिया।
आखिरी ओवरों में जब भारत को 10 गेंदों में 17 रन चाहिए थे, तब शिवम दुबे ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर भी बाउंड्री लगाकर उन्होंने समीकरण आसान कर दिया। इसके बाद भारत ने लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।
2024 सेमीफाइनल की यादें फिर ताजा
अब भारत का सामना 4 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। यह लगातार तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। 2024 में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराया था, जिसमें अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट लिए थे।