Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Jos Buttler भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक खराब फॉर्म से जूझ रहे हों, लेकिन भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में वह एक बड़ा इतिहास रच सकते हैं। इंग्लैंड के कप्तान को भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने के Virat Kohli के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 5 रन की जरूरत है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

कोहली का रिकॉर्ड क्या है?

विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 21 टी20I पारियों में 648 रन बनाए हैं। उनका औसत 38.11 और स्ट्राइक रेट 135 का रहा है। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक भी जड़े हैं।

दूसरी ओर, बटलर ने भारत के खिलाफ 27 टी20 मैचों में 644 रन बनाए हैं। उनका औसत 32.2 और स्ट्राइक रेट 143.75 का है। वह पहले ही भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं और अब सिर्फ 5 रन बनाते ही कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं। 2022 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में बटलर ने नाबाद 83 रन की पारी खेलकर भारत को हराने में अहम भूमिका निभाई थी।

खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं बटलर

हालांकि, मौजूदा टूर्नामेंट में बटलर का बल्ला खामोश रहा है। सात पारियों में उन्होंने सिर्फ 62 रन बनाए हैं। उनका औसत 8.85 और स्ट्राइक रेट 106.89 रहा है, जो उनके स्तर के खिलाड़ी के हिसाब से बेहद निराशाजनक है। 35 वर्षीय बटलर पर सेमीफाइनल में बड़ी पारी खेलने का दबाव होगा, खासकर जब रिकॉर्ड भी दांव पर लगा हो।

हैरी ब्रूक ने किया समर्थन

इंग्लैंड के कप्तान Harry Brook ने बटलर का खुलकर समर्थन किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो गेंद पर शून्य पर आउट होने के बाद भी ब्रूक ने कहा कि लोग बटलर को लेकर ज्यादा जल्दबाजी में फैसला न करें।

ब्रूक ने कहा, 'वह दुनिया के बेहतरीन व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में से एक हैं। वह अभी थोड़ा संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनके पास अनुभव और काबिलियत है। अगले कुछ मैचों में वह क्या कर सकते हैं, यह सब जानते हैं।'

नॉकआउट में खास रिकॉर्ड

जोस बटलर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले मौजूदा खिलाड़ियों में इकलौते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में उन्हें खेलने का अच्छा अनुभव है और इंग्लैंड को उम्मीद होगी कि सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उनका बल्ला फिर से गरजे। अब सबकी नजरें 5 मार्च पर टिकी हैं—क्या बटलर इतिहास रचेंगे या टीम इंडिया उन्हें रोक देगी?