Sports

खेल डैस्क : महेंद्र सिंह धोनी जब से रिटायर हुए हैं, उनकी जगह पर टीम इंडिया को अभी तक परफेक्ट रिप्लेसमैंट नहीं मिली है। उनकी जगह पर कई क्रिकेटरों को आजमाया गया लेकिन उनका विकल्प सामने नहीं आया। अभी हालिया घटनाक्रम में भारतीय टीम के गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज को देखते हुए रिंकू सिंह को इस पद के लिए उपयुक्त माना है। 


अश्विन रिंकू सिंह से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पिच पर खासकर कठिन परिस्थितियों में रिंकू के शांत स्वभाव की सराहना की। उन्होंने रिंकू को 'बाएं हाथ का धोनी' भी करार दिया क्योंकि वे दोनों दबाव में शांत रहते हैं। अश्विन ने स्पष्ट किया कि वह अभी यह नहीं कह रहे हैं कि रिंकू धोनी जितना अच्छा है क्योंकि सीएसके के कप्तान एक दिग्गज हैं। हालांकि, अश्विन ने दोनों के बीच समानताएं बताईं। आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन के बाद प्रसिद्धि पाने वाले रिंकू को पिछले साल भारतीय टी20 टीम के लिए चुना गया था।


अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में रिंकू ने 69 रन की पारी खेली थी। उन्होंने आखिरी ओवर में रोहित के साथ मिलकर 36 रन खींचे थे जिससे भारतीय टीम 212 रन तक पहुंचने में सफल रही थी। उनका कौशल देखने के बाद अश्विन ने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें मैं बाएं हाथ का धोनी कहूंगा। मैं अभी उनकी तुलना धोनी से नहीं कर सकता क्योंकि धोनी बहुत बड़े हैं। लेकिन, मैं उस संयम के बारे में बात कर रहा हूं जो वह लाता है। वह यूपी के लिए लगातार ढेरों रन बना रहे हैं और भारतीय टीम में अपनी जगह बना चुके हैं।