Sports

गॉल : श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत ने मजबूत स्थिति बना ली है। भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाकर श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य दिया। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाते हुए मेजबान टीम को 284 रन पर ढेर कर दिया था जिसमें मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बाएं हाथ के स्पिनर ने 21.4 ओवर में 76 रन देकर 4 विकेट लिए और मेजबान टीम को रोकने में अहम भूमिका निभाई। 

सुथार का यह भारत के लिए दूसरा टेस्ट मैच था। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में इस स्पिनर ने दो पारियों में सात विकेट लिए और बल्ले से 28 रन भी बनाए जिससे उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड मिला था। गाले में टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी ने दिखाया कि वे अलग तरह की टीम और अनजान हालात में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन और नियंत्रण बनाए रख सकते हैं। इस पर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि मैं उसे रवींद्र जडेजा के उत्तराधिकारी के तौर पर देख रहा हूं। वह जडेजा का अपग्रेडेड वर्जन है। 

चोपड़ा ने कहा, 'मैं हां कहूंगा क्योंकि वह बहुत दमदार खिलाड़ी है। जब वह गेंद छोड़ता है, तो वह हवा में घूमती है (ड्रिफ्ट), उछलती है और टर्न होती है। वह आपको डिफेंस करते हुए भी आउट कर देता है। जब आप विरोधी बल्लेबाज को डिफेंस करते हुए भी धूल चटा देते हैं, और वह भी बार-बार, तो इससे पता चलता है कि इस खिलाड़ी में दम है।' 

जब उनसे पूछा गया कि क्या सुथार ने एशियाई हालात के लिए भारत की योजनाओं में अपनी जगह पक्की कर ली है। चोपड़ा ने कहा, 'इसके साथ ही वह बल्लेबाजी भी करता है, जिसका मतलब है कि आप उसे विदेशी हालात में भी टीम में रखने के बारे में सोच सकते हैं। मैं उसे रवींद्र जडेजा के उत्तराधिकारी के तौर पर देख रहा हूं क्योंकि जडेजा कभी न कभी रिटायर होंगे, और आपको उनके जैसे ही किसी खिलाड़ी की जरूरत होगी। अगर मैं उसे सिर्फ एक गेंदबाज के तौर पर देखूं, तो मुझे लगता है कि वह जडेजा का अपग्रेडेड वर्जन है।'