स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले से पहले माहौल गर्म हो चुका है। जुबानी जंग अपने चरम पर है और इस बार केंद्र में हैं Harbhajan Singh और Mohammad Amir।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब आमिर ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में भारतीय युवा ओपनर अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ बताते हुए उनकी तकनीक पर सवाल उठाए।
विवाद की जड़ क्या है?
मोहम्मद आमिर ने अपने बयान में कहा कि अभिषेक शर्मा के पास मजबूत डिफेंस नहीं है और वह मुश्किल विदेशी परिस्थितियों में अभी परखे नहीं गए हैं। यह टिप्पणी हरभजन सिंह को नागवार गुजरी और उन्होंने आमिर को करारा जवाब दिया।
हरभजन का पलटवार
हरभजन ने साफ कहा कि अभिषेक को सिर्फ ‘स्लॉगर’ कहना गलत है। उन्होंने कहा, 'अगर आप उन्हें स्लॉगर कहते हैं तो कहिए, लेकिन वह हर शॉट खेलने वाले कंप्लीट बल्लेबाज हैं। उनके पास कवर ड्राइव से लेकर लॉन्ग-ऑन, लॉन्ग-ऑफ और मिडविकेट तक हर शॉट मौजूद है।' हरभजन ने जोर देकर कहा कि अभिषेक गेंद की लाइन-लेंथ को अच्छी तरह समझते हैं और उसी हिसाब से खेलते हैं।
ड्रामा से बचने की कोशिश
हालांकि हरभजन ने यह भी कहा कि वह असली ‘स्लॉगर’ खिलाड़ियों के नाम नहीं लेना चाहते, क्योंकि इससे विवाद और बढ़ सकता है। 'अगर मैं असली स्लॉगरों के नाम लेने लगूं तो कुछ लोग बुरा मान जाएंगे। किसी टॉप क्लास बल्लेबाज को सिर्फ स्लॉगर कहना सही नहीं है।'
‘वेट एंड वॉच’ की चेतावनी
कोलंबो में होने वाले मुकाबले से पहले हरभजन ने आमिर को सीधी चेतावनी दी। 'बस इंतजार कीजिए और देखिए। अगर अभिषेक क्रीज पर टिक गए तो सबको याद दिला देंगे कि वह कौन हैं। पिछले 4-5 महीनों से वह आपके सपनों में हैं, अगर कल बड़ा स्कोर कर दिया तो अगले 6 महीने भी रहेंगे।'
कप्तान Suryakumar Yadav ने हाल ही में पुष्टि की है कि बीमारी से उबरने के बाद अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार हैं।
मुकाबले से पहले हाई-वोल्टेज माहौल
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से भावनाओं और दबाव से भरा होता है। इस बार अभिषेक शर्मा और मोहम्मद आमिर के बयान ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि मैदान पर किसका पलड़ा भारी रहता है।