Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : गत चैंपियन इंगलैंड को बेंगलुरु के मैदान पर श्रीलंका से 8 विकेट से शर्मनाक हार मिली है। इंगलैंड पहले खेलते हुए बेन स्टोक्स के 43 रनों की बदौलत 156 रन ही बना पाई थी। जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका ने पाथुम निसांका और सदीरा समरविक्रमा के अर्धशतकों की बदौलत जीत हासिल कर ली। इंगलैंड के लिए चिंता का विषय कप्तान जो रूट की फॉर्म भी है क्योंकि उनका बल्ला आईसीसी इवेंट्स में पूरी तरह से खामोश है। इंगलैंड इस हार के साथ ही प्वाइंट टेबल में नौवें स्थान पर आ गई है। उनके लिए सेमीफाइनल का रास्ता मुश्किल हो गया है। 

 


इंगलैंड का विश्व कप में सफर
हार : न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से हराया
जीत : बांग्लादेश से 137 रन से जीते
हार : अफगानिस्तान ने 69 रन से हराया
हार : साऊथ अफ्रीका ने 229 रन से हराया
हार : श्रीलंका ने 8 विकेट से हराया

 

इससे पहले डाविड मलान (25 गेंद पर 28 रन) और जॉनी बेयरस्टो (31 गेंद पर 30 रन) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़कर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरे इंग्लैंड को आक्रामक शुरूआत दिलाई। यह साझेदारी टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और उसकी आधी टीम 85 रन के स्कोर तक पवेलियन पहुंच गई। मलान आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। वह मैथ्यूज की गेंद पर असमंजस की स्थिति में दिखे और विकेटकीपर कुसल मेंडिस को कैच दे बैठे। जो रूट (03) तेजी से रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए जबकि कप्तान जोस बटलर (08) कुमारा की ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर ड्राइव लगाने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच देकर पवेलियन लौटे। बेयरस्टो भी रजिता की गेंद पर सही टाइमिंग से शॉट नहीं लगा पाए। उन्होंने मिड ऑन पर धनंजय डिसिल्वा को आसान कैच दिया।

 

 

लियाम लिविंगस्टोन (01) भी कुमारा की गेंद पर गलत लाइन में खेल रहे थे और पगबाधा आउट हो गए। मोईन अली ((15) को मैथ्यूज की गेंद पर कट करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने प्वाइंट पर खड़े कुसल परेरा को आसान कैच किया। इंग्लैंड को इन बल्लेबाजों से जिम्मेदारी भरी पारी की जरूरत थी लेकिन उन्होंने अपनी गलतियों से विकेट गंवाए। स्टोक्स ने हालांकि जिम्मेदारी दिखाई। वह जब 12 रन पर खेल रहे थे तो सदीरा समरविक्रमा ने उन्हें जीवन दान दिया। इस ऑलराउंडर ने इसका फायदा उठाकर कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने कुमारा की गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दिया इसके बाद इंग्लैंड की पारी सिमटने में देर नहीं लगी। डेविड विली 14 रन बनाकर नाबाद रहे। 

 

 

 


लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने दूसरे ही ओवर में कुसल परेरा का विकेट गंवा दिया था। कुसल 4 ही रन बना पाए। इसके बाद छठे ओवर में कप्तान कुसल मेंडिस  भी 11 रन बनाकर आऊट हो गए। 23 रन पर दो विकेट गिर चुके थे लेकिन पाथुम निसांका और सदीरा समरविक्रमा ने पारी को संभाल लिया। दोनों ने इंगलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और अपने अपने अर्धशतक पूरे किए। इंगलैंड की ओर से केवल डेविड विली पांच ओवर में 30 रन देकर दो विकेट निकालने में सफल रहे। इसके अलावा उनके पांच गेंदबाज विकेट नहीं ले पाए।

 

 

नतीजतन श्रीलंका ने निसांका के 83 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों की मदद से 77 तो सदीरा के 54 गेंदों पर 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 65 रनों की बदौलत जीत हासिल कर ली। श्रीलंका इस जीत के साथ ही प्वाइंट टेबल में पांचवें स्थान पर आ गया है। उन्होंने पांच में से दो मुकाबले जीते हैं। उनके आगामी मुकाबले अफगानिस्तान, भारत, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने हैं। अगर वह अपने चारों मुकाबले जीत गया तो ऑस्ट्रेलिया के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

इंग्लैंड : जॉनी बेयरस्टो, डेविड मालन, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल राशिद, मार्क वुड 

श्रीलंका : पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, एंजेलो मैथ्यूज, महीश थीक्षाना, कासुन राजिथा, लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका