Sports

मैनचेस्टर : कप्तान धनंजय डिसिल्वा के अर्धशतक के बाद मिलन रत्नायके के 72 रनों की बदौलत श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 236 रन बनाए। श्रीलंका के लिए यहां पहुंचना अहम रहा क्योंकि एक समय उनका स्कोर 7 विकेट पर 113 रन हो गया था। तभी कप्तान धनंजय (74) ने पदार्पण कर रहे मिलन रत्नायके के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 63 रन जोड़े। इसके बाद रत्नायके ने एक छोर संभाला और टीम को 236 रन तक ले गए। धनंजय ने जहां 84 गेंदों पर 8 चौके लगाए तो वहीं, रत्नायके ने 135 गेंदों पर 6 चौके और दो छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।

 

 

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उनका फैसला गलत साबित हुआ क्योंकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने सातवें ओवर में ही मेहमान टीम का स्कोर 6 रन पर 3 विकेट कर दिया। गस एटकिंसन ने छठे ओवर में दिमुथ करूणारत्ने (02) को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराके टीम को पहली सफलता दिलाई। क्रिस वोक्स ने अगले ओवर में निशान मदुष्का (04) और एंजेलो मैथ्यूज (00) को पवेलियन भेजकर श्रीलंका को दोहरा झटका दिया। कुसाल मेंडिस (24) ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन मार्क वुड की उछाल लेती गेंद उनके दाएं हाथ के अंगूठे को छूकर दूसरी स्लिप में हैरी ब्रूक के हाथों में चली गई।


वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 की जीत के बाद इस श्रृंखला में खेल रहा इंग्लैंड कप्तान बेन स्टोक्स के बिना उतरा है जिन्हें इस महीने घरेलू मैच के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई थी। ओली पोप कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं जबकि डैन लॉरेंस को जैक क्राउली की जगह पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के दौरान क्राउली के हाथ की अंगुली फ्रेक्चर हो गई थी।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंग्लैंड :
डेनियल लॉरेंस, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, मैथ्यू पॉट्स, मार्क वुड, शोएब बशीर
श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने, निशान मदुष्का, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चांडीमल (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, विश्व फर्नांडो, मिलन प्रियनाथ रथनायके