Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया। 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने 15.4 ओवर में ही मैच जीत लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए Virat Kohli ने 38 रन की पारी खेली, जबकि Devdutt Padikkal ने 26 गेंदों में 61 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

ईशान किशन ने बताई हार की वजह

मैच के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन ने हार की वजह पावरप्ले में विकेट गिरना बताया। SRH की टीम पावरप्ले में 29 रन पर 3 विकेट गंवा बैठी थी, जिससे टीम पर दबाव आ गया। हालांकि ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 201 रन तक पहुंचाया, लेकिन लगातार विकेट गिरने की वजह से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

‘विराट भाई को जल्दी आउट करना जरूरी था’

ईशान किशन ने मैच के बाद कहा कि विराट कोहली का विकेट जल्दी लेना बहुत जरूरी था, क्योंकि अगर वह टिक जाते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने RCB के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने रन चेज किया, वह काबिल-ए-तारीफ है और खासकर विराट की बल्लेबाजी देखना उन्हें अच्छा लगा।

जैकब डफी ने डेब्यू मैच में मचाया धमाल

RCB के तेज गेंदबाज Jacob Duffy ने अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चोटिल Josh Hazlewood की जगह खेलते हुए शुरुआती स्पेल में 3 विकेट लेकर SRH को बैकफुट पर धकेल दिया। डफी ने कहा कि इस तरह टीम के लिए योगदान देना उनके लिए शानदार शुरुआत है।

पिच और मैच कंडीशन पर क्या बोले किशन

ईशान किशन ने कहा कि शुरुआत के 3-4 ओवर में पिच थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई। उन्होंने माना कि टीम को अगली बार शॉट सिलेक्शन और गेंदबाजी एरिया पर ज्यादा ध्यान देना होगा। किशन ने कहा कि यह टूर्नामेंट का पहला मैच था, इसलिए गलतियां हुईं, लेकिन टीम इससे सीखकर आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी।

आगे के मैचों को लेकर कप्तान का प्लान

ईशान किशन ने कहा कि टीम को अब आगे के मैचों में ज्यादा स्मार्ट क्रिकेट खेलना होगा। अगर टीम अगले मैच जीतती है तो टूर्नामेंट में आगे का सफर आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि IPL में दबाव होता है, लेकिन टीम धीरे-धीरे बेहतर होती जाएगी और मजबूत वापसी करने की कोशिश करेगी।