Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने IPL के इतिहास में रन चेज करते हुए 4000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए IPL 2026 के पहले मैच के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। ​​

इसी के साथ ही कोहली ने पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज शोएब मलिक को पीछे छोड़ते हुए T20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज का स्थान भी हासिल कर लिया है। मलिक ने टी20 के 557 मैचों की 515 पारियों में कुल 13,571 रन बनाए हैं। क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में इस पूर्व क्रिकेटर का औसत 35.99 रहा जिसमें 83 अर्धशतक भी शामिल हैं। कोहली ने मात्र 415 मैचों में ही इस आंकड़े को पार कर लिया। 

कोहली से आगे क्रिस गेल (14562 रन), कीरोन पोलार्ड (14482 रन), एलेक्स हेल्स (14449 रन), डेविड वॉर्नर (14063 रन) और  जोस बटलर (13845 रन) हैं। 

RCB vs SRH मैच 

मैच की बात करें तो विराट कोहली (नाबाद 69) और देवदत्त पड़क्किल (61) विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत RCB ने शनिवार को IPL 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स को 26 गेंदे शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को दूसरे ही ओवर में फिल सॉल्ट (आठ) रन के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़क्किल ने विराट कोहली के साथ पारी को संभाला तथा विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दूसरे विकेट के लिए 101 रन जोड़े। 

इस दौरान पड़क्किल ने अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया। नौवें ओवर में हर्ष दुबे ने पड़क्किल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। पड़क्किल ने 26 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 31 रन बनाए। उन्हें 13वें ओवर में डेविड पेन ने आउट किया। इसी ओवर की अगली ही गेंद पर पेन ने जितेश शर्मा (0) का भी शिकार कर लिया। 

RCB ने 15.4 ओवरों में चार विकेट पर 203 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 38 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 69 रनों की पारी खेली। टिम डेविड ने एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 16 रन बनाए। सनराइजर्स के लिए डेविड पेन ने दो विकेट लिए। हर्ष दुबे और जयदेव उनादकद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। 

इससे पहले यहां ईशान किशन (80) और अनिकेत वर्मा (43) की तूफानी पारियों की मदद से SRH ने RCB के खिलाफ 9 विकेट पर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा (सात), ट्रैविस हेड (11) और नीतीश कुमार रेड्डी (एक) को जैकब डफी ने आउट किया। 

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हाइनरिक क्लासन ने कप्तान ईशान किशन के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में रोमारियो शेफडर् ने हाइनरिक क्लासन को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। हाइनरिक क्लासन ने 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रनों की पारी खेली। सुनील अरोड़ा (नौ) रन बनाकर आउट हुए। 

16वें ओवर में अभिनंदन सिंह ने ईशान किशन को अपना शिकार बना लिया। ईशान किशन ने 38 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 80 रनों की पारी खेली। इसके बाद हर्ष दुबे (तीन) और हर्षल पटेल (शून्य) पर आउट हुए। अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 43 रनों की पारी खेली। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। RCB के लिए जैकब डफी ने तीन विकेट लिये।रोमारियो शेफडर् को दो विकेट मिले। अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार और सुयश शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।