स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से करारी शिकस्त दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत के हीरो रहे David Miller, जिन्होंने 63 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया।
“टीम इंडिया को हराने के लिए लाइन में रहना जरूरी”
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलर ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए अनुशासन और स्पष्ट योजना बेहद जरूरी होती है।
मिलर ने कहा, 'टीम इंडिया को हराया जा सकता है। वे शानदार टीम हैं, लेकिन ऐसे टूर्नामेंट में उन्हें हराने के लिए हमें अपनी लाइन में रहना और अपने रोल पर फोकस करना जरूरी था। मैं हमेशा सामान्य चीजों पर ध्यान देता हूं और कोशिश करता हूं कि खिलाड़ी के तौर पर अपना काम सही तरीके से पूरा करूं।'
अनुभव और समझदारी बना जीत की कुंजी
मिलर ने आगे कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम काफी समझदार है और खिलाड़ियों ने लंबे समय तक साथ में क्रिकेट खेला है।
'हमने साउथ अफ्रीका के लिए काफी क्रिकेट साथ में खेला है। इसलिए हमें पता है कि दबाव को कैसे संभालना है। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा मुश्किल होता है। उनके पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन हमें प्रेशर को झेलते हुए अपना काम करना था।'
20 पर 3 के बाद मिलर ने संभाली पारी
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मिलर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्हें डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स का अच्छा साथ मिला।
सेट होने के बाद मिलर ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 180 का रहा। उनकी पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई और मैच 76 रन से हार गई।