Sports

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आज (2 अगस्त) आखिरी दिन है और भारतीय दल की नजर 40 पदकों के आंकड़े को छूने पर रहेगी। पिछले दो दिनों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी, जिसके बाद भारत की कुल पदक संख्या 38 तक पहुंच गई है। अब अंतिम दिन जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद रहेगी।

जूडो में तीन खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीद

भारत के लिए अंतिम दिन सबसे ज्यादा उम्मीद जूडो से होगी। अब तक जूडो में भारत चार पदक जीत चुका है और आज तीन खिलाड़ी एक्शन में उतरेंगे। महिलाओं के -78 किग्रा वर्ग में इशरूप नरंग स्कॉटलैंड की निकोल वुड से भिड़ेंगी। पुरुषों के -100 किग्रा वर्ग में अवतार सिंह का मुकाबला साइप्रस के अरिस्टोस माइकल से होगा। वहीं पुरुषों के +100 किग्रा वर्ग में यश घंगास वेल्स के जोशुआ व्हाइटहाउस के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे। यदि ये खिलाड़ी अपने शुरुआती मुकाबले जीतते हैं तो शाम को होने वाले मेडल राउंड में भी खेलेंगे।

ट्रैक साइक्लिंग और पैरा साइक्लिंग में भी दांव

ट्रैक साइक्लिंग में हर्षवीर सिंह सेखों और दिनेश कुमार पुरुषों की 40 किमी पॉइंट्स रेस क्वालिफाइंग में उतरेंगे। क्वालिफाई करने पर दोनों रात में होने वाले फाइनल में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा रोनाल्डो सिंह लैटोनजाम पुरुषों की 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में चुनौती पेश करेंगे। पैरा ट्रैक साइक्लिंग में लीशा दास महिलाओं की C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में भारत की दावेदारी मजबूत करेंगी।

अहमदाबाद को मिलेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का मेजबानी ध्वज

ग्लास्गो में होने वाले समापन समारोह के दौरान 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का आधिकारिक बैटन और कॉमनवेल्थ गेम्स का ध्वज अहमदाबाद को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही भारत आधिकारिक रूप से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की जिम्मेदारी संभाल लेगा।

भारत का Day 11 शेड्यूल (2 अगस्त)

जूडो (दोपहर 2:30 बजे से)

महिला -78 किग्रा: इशरूप नरंग vs निकोल वुड (स्कॉटलैंड)
पुरुष -100 किग्रा: अवतार सिंह vs अरिस्टोस माइकल (साइप्रस)
पुरुष +100 किग्रा: यश घंगास vs जोशुआ व्हाइटहाउस (वेल्स)
मेडल राउंड (योग्यता मिलने पर): शाम 7:30 बजे से

ट्रैक साइक्लिंग

पुरुष 40 किमी पॉइंट्स रेस क्वालिफाइंग: हर्षवीर सिंह सेखों, दिनेश कुमार – दोपहर 2:09 बजे
पुरुष 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल: रोनाल्डो सिंह लैटोनजाम – 3:51 बजे

पैरा ट्रैक साइक्लिंग

महिला C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल: लीशा दास – रात 8:40 बजे

ट्रैक साइक्लिंग

पुरुष 40 किमी पॉइंट्स रेस फाइनल (क्वालिफाई करने पर): रात 9:09 बजे।