Sports

खेल डैस्क : एमए चिदम्बरम स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी की एक बार फिर से फास्ट स्टंपिंग देखने को मिली। इस बार शिकार हुए हैं आरसीबी के ओपनर फिल सॉल्ट। सॉल्ट जोकि 200 की स्ट्राइक रेट से खेल रहे थे, चेन्नई के स्पिनर नूर अमहद की गेंद को समझने में भूल गए। उनका पांव हलका सा उठा। इतना टाइम धोनी के लिए बेल्स बिखरने के लिए काफी था। धोनी ने जैसे ही स्टंपिंग की फैंस में उत्साह जाग गया। शोर के बीच एक कैमरा आरसीबी फैन पर जा टिका, जो धोनी की इतनी तेज स्टंपिंग देखकर बेहद हैरान था। पल भर में ही उक्त फैन की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। 


दरअसल हुआ यह था कि 5वीं ओवर फेंकने आए नूर ने ओवर की आखिरी गेंद गुगली फेंक दी। यह पिछले मैच में सूर्यकुमार को आऊट करने वाली डिलिवरी से भी अच्छी थी। नूर की यह गेंद स्पिन हो गई और लेग साइड पर खड़े सॉल्ट ने गेंद को इनसाइड आऊट ड्राइव करने की कोशिश की। सॉल्ट इसमें पूरी तरह चूक गए। उनका बैकफुट मात्र एक सैकेंड के लिए क्रीज से उठा। इसी बीच धोनी ने धमाल मचा दिया। उन्होंने बेल्स गिरा दिए। यह भी सबसे तेज स्टंपिंग का एक बेहतरीन उदाहरण था। सॉल्ट 16 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आऊट हो गए। देखें वीडियो- 

 


मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान भी महेंद्र सिंह धोनी की फास्ट स्टंपिंग देखने को मिली थी। सूर्यकुमार तब 29 रन बनाकर खेल रहे थे। नूर अहमद की एक गेंद को वह खेलने से चूक गए। उनका पैर जरा सा क्रीज से बाहर गया था। इसी बीच धोनी ने उनके स्टंप बिखेर दिए थे। देखें वीडियो-

 

 


आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक 44 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है। यह आंकड़ा 2008 से 2025 तक के उनके आईपीएल करियर पर आधारित है, जिसमें उन्होंने अपनी शानदार विकेटकीपिंग स्किल्स से यह रिकॉर्ड बनाया है। धोनी इस लीग में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले विकेटकीपर हैं।


मैच की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी मिलने के बाद अच्छी शुरूआत की थी। फिल सॉल्ट ने आते ही खलील अहमद और अश्विन की गेंदों पर शॉट लगाए। उन्होंने धोनी की गेंद पर स्टंप होने से पहले 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 14 गेंदों पर 27 रन बनाकर अश्विन का शिकार हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने रजत पाटीदार के साथ स्कोर को आगे बढ़ाया। 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
चेन्नई सुपर किंग्स : रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, दीपक हुड्डा, शिवम दुबे, सैम करन, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नाथन एलिस, नूर अहमद, खलील अहमद।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, राशिख सलाम, जोश हेजलवुड, यश दयाल, सुयश शर्मा।