Sports

नई दिल्ली : रेडिको द्वारा संचालित दिल्ली गोल्फ क्लब मेंबर्स लीग का 5वां संस्करण 26 मार्च, 2026 को प्रतिष्ठित दिल्ली गोल्फ क्लब में शुरू होगा, जो भारत की प्रमुख एमेच्योर गोल्फ लीग के रूप में अपनी स्थिति को फिर से साबित करेगा। 24 टीमों और 480 गोल्फरों को शामिल करते हुए, यह लीग जूनियर्स, महिलाओं, वरिष्ठ सदस्यों और अनुभवी खिलाड़ियों के एक विविध समूह को एक अनोखे रूप से समावेशी और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी प्रारूप में एक साथ लाती है। 

यह टूर्नामेंट 18 अप्रैल, 2026 को भव्य समापन के साथ समाप्त होगा। 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से, लीग ने उल्लेखनीय वृद्धि देखी है-18 टीमों से बढ़कर 24 टीमें-जो भारतीय गोल्फ में इसके बढ़ते कद को रेखांकित करता है। 2024 के संस्करण का समापन बेहद रोमांचक रहा, जिसमें एमएमजी कोका-कोला और टी बर्ड्स ने एक ज़बरदस्त प्लेऑफ़ के बाद संयुक्त रूप से खिताब साझा किया, जो पांच होल के बाद भी अनिर्णित रहा था। 

यह प्रतियोगिता ‘फोर-बॉल बेटर बॉल मैच प्ले' प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें टीमें राउंड रॉबिन चरण से नॉकआउट दौर की ओर आगे बढ़ेंगी, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान उच्च गुणवत्ता वाले और कड़े मुकाबले सुनिश्चित होंगे। दिल्ली गोल्फ क्लब के अध्यक्ष राज खोसला ने कहा, 'जो एक मामूली पहल के रूप में शुरू हुआ था, वह अब एक प्रमुख गोल्फिंग आयोजन के रूप में विकसित हो गया है। 5वां संस्करण हमारे सदस्यों, प्रायोजकों और प्रतिभागियों के जुनून और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो हर साल उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करते रहते हैं।' 

दिल्ली गोल्फ क्लब के कप्तान विक्रम सेठ ने आगे कहा, 'लीग की ताकत इसकी समावेशिता और प्रतिस्पर्धी भावना में निहित है। इस स्तर पर खिलाड़यिों के इतने विविध मिश्रण को प्रतिस्पर्धा करते देखना दुर्लभ है, जो इसे वास्तव में विशेष बनाता है।' रेडिको खेतान लिमि. के प्रवक्ता ने कहा, 'हमें दिल्ली गोल्फ क्लब की प्रतिष्ठित‘मेंबर्स ओनली'लीग के‘पावडर् बाय'स्पॉन्सर के तौर पर अपना जुड़ाव जारी रखते हुए बहुत खुशी हो रही है। 

यह लीग मार्च 2026 में अपने ऐतिहासिक पांचवें संस्करण में प्रवेश करेगी। यह साझेदारी हमें अपने प्रीमियम ब्रांड पोटर्फोलियो को प्रदर्शित करने के लिए एक मज़बूत और सार्थक मंच प्रदान करती है, साथ ही गोल्फ के खेल को बढ़ावा देने में क्लब के सराहनीय प्रयासों का समर्थन भी करती है। हम इस रिश्ते को और मज़बूत करने और दिल्ली में गोल्फ समुदाय के विकास में योगदान देने के लिए तत्पर हैं।' 

यह लीग भारत के कुछ सबसे कुशल गोल्फरों को लगातार आकर्षित करती रही है, जिनमें पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता नोनिता लाल कुरैशी और अमित लूथरा, साथ ही गौरव घई, अली शेर और विवेक भंडारी जैसे प्रमुख पेशेवर शामिल हैं। इस टूर्नामेंट का संचालन मुख्य रेफरी शहजाद अली और उनकी रेफरी टीम द्वारा किया जाएगा।