स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड और पैट कमिंस इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2026 सीजन की शुरुआत के मैच नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वे अभी भी अपने रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। IPL 28 मार्च से शुरू हो रहा है और देश में चुनाव के कारण अभी सिर्फ 12 अप्रैल तक का शेड्यूल ही जारी किया गया है।
हेजलवुड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से खेलते हैं और अपनी हैमस्ट्रिंग और Achilles tendon की पुरानी समस्याओं से उबर रहे हैं। उम्मीद है कि यह दाएं हाथ का तेज गेंदबाज़, मौजूदा चैंपियन टीम के कम से कम शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएगा। हेजलवुड ने लगभग 5 महीने पहले सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर विक्टोरिया के हाथों न्यू साउथ वेल्स की शेफील्ड शील्ड में हार के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच नहीं खेला है।
RCB ने IPL 2025 की नीलामी में उन्हें 12.5 करोड़ रुपए में खरीदा था और यह निवेश टीम के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुआ। हेजलवुड ने 12 मैचों में 17.54 की औसत और 8.77 की इकॉनमी रेट से 22 विकेट लिए और टीम को उसका पहला IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान कमिंस अपनी पीठ की चोट से उबर रहे हैं और 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB के खिलाफ होने वाला टीम का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। चूंकि उनके मैदान पर लौटने का समय अभी तय नहीं है, इसलिए टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में SRH की कप्तानी ईशान किशन के करने की संभावना है। कमिंस ने अब तक 72 IPL मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 79 विकेट लिए हैं। SRH के साथ पिछले दो सीज़न में, उन्होंने 30 मैचों में 34 विकेट लिए हैं।