Sports

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बड़ा बयान दिया है। IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप की टीम में शामिल करने की पैरवी की है। अब भुवनेश्वर ने खुद इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बातचीत में भुवनेश्वर ने साफ किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट खेलने और अपनी टीम के लिए योगदान देने पर है। उन्होंने कहा कि वह किसी चयन की उम्मीद में नहीं खेल रहे हैं, बल्कि इसलिए खेल रहे हैं क्योंकि उन्हें क्रिकेट से प्यार है।

टीम इंडिया में वापसी को लेकर क्या बोले भुवनेश्वर?

भुवनेश्वर कुमार ने भारत में वापसी की चर्चाओं और पूर्व क्रिकेटरों के बयानों पर कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं इस बात का जवाब नहीं दे सकता कि मैं कितना तैयार हूं। मेरा काम क्रिकेट खेलना है। मैं UP T20 खेलने इसलिए आया हूं क्योंकि मुझे क्रिकेट खेलना पसंद है, न कि इसलिए कि मुझे किसी और स्तर तक पहुंचना है या कहीं और जाना है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं IPL इसलिए खेलता हूं क्योंकि मुझे पता है कि मुझे प्रदर्शन करना है और अपनी टीम को जीत दिलाने में मदद करनी है। मैं यहां सिर्फ इसलिए नहीं खेल रहा हूं कि मुझे कहीं चुना जाए या किसी ने मेरे बारे में कुछ कहा है।'

'अगर कॉल आती है तो क्यों मना करूंगा?'

जब भुवनेश्वर से पूछा गया कि अगर भारतीय चयनकर्ताओं की ओर से टीम में वापसी का मौका मिलता है तो क्या वह उसे स्वीकार करेंगे, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'अगर कॉल आती है तो मैं क्यों मना करूंगा? मैं बिल्कुल तैयार हूं।' वहीं, रविचंद्रन अश्विन समेत कई दिग्गजों द्वारा उनकी वापसी की पैरवी किए जाने पर भुवनेश्वर ने कहा, 'जो भी लोग कह रहे हैं, वह उनकी राय है। मेरा काम क्रिकेट खेलना है। मैं यहां इस सोच के साथ नहीं आया हूं कि मुझे आगे बढ़ने के लिए कुछ साबित करना है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मुझे यह खेल पसंद है और मैं इसे इसलिए खेलता हूं क्योंकि मुझे इसमें मजा आता है।'

UP T20 को लेकर भी बताया अपना लक्ष्य

UP T20 League को लेकर भुवनेश्वर ने कहा कि यह युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी क्रिकेटरों के लिए भी खुद को तैयार रखने का शानदार मंच है। उन्होंने अपनी टीम Lucknow Falcons के पिछले प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार उनका लक्ष्य सेमीफाइनल से आगे बढ़कर फाइनल जीतना होगा। उन्होंने कहा, 'यहां सभी के लिए खुद को तैयार रखने और अच्छा प्रदर्शन करने के बहुत मौके हैं। युवा खिलाड़ियों के लिए भी यह अगले स्तर तक पहुंचने का शानदार प्लेटफॉर्म है। पिछली बार हम फाइनल नहीं जीत सके, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। इस बार हमारा लक्ष्य फाइनल में पहुंचकर उसे जीतना है।'

IPL 2026 में दिखाया दम

Bhuvneshwar Kumar ने IPL 2026 में Royal Challengers Bengaluru की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में दूसरा स्थान हासिल किया। उनका इकॉनमी रेट भी 7.95 रहा, जिसने एक बार फिर उनकी उपयोगिता साबित की। 36 साल की उम्र में भुवनेश्वर के नाम 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 इंटरनेशनल मैच हैं। उन्होंने आखिरी बार भारत के लिए 2022 में खेला था। हालांकि हालिया प्रदर्शन के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।