नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) आगामी घरेलू सत्र से राष्ट्रीय अंडर-23 पुरुषों के 50 ओवर के टूर्नामेंट को टी20 प्रारूप में बदलने पर विचार कर रहा है। पता चला है कि बीसीसीआई टूर्नामेंट में बदलाव करने से पहले राज्य संघों और अन्य प्रतिष्ठित लोगों की राय लेने वाला है।
इस प्रतियोगिता को अभी राज्य 'ए' चैंपियनशिप के नाम से जाना जाता है। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ''यह अभी शुरुआती चरण में है क्योंकि कोई भी फैसला लेने से पहले राज्य संघों और कुछ अन्य हितधारकों की राय ली जाएगी लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह नए घरेलू सत्र (2026-27) से होगा।'
अभी टूर्नामेंट को एलीट और प्लेट वर्ग में बांटा गया है जैसा कि भारतीय घरेलू क्रिकेट में आम बात है। तमिलनाडु एलीट वर्ग में गत चैंपियन है जबकि मेघालय के पास प्लेट वर्ग का खिताब है। अंडर-23 वर्ग के लाल गेंद के टूर्नामेंट को कर्नल सीके नायुडू ट्रॉफी के लिए खेला जा रहा है।