नई दिल्ली : भारत के दिग्गज स्पिनर रविंचंद्रन अश्विन को उम्मीद है कि बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से मुल्लांपुर में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से खेल के इस बड़े प्रारूप में पदार्पण करेंगे क्योंकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
दुबे और मानव सुथार के बीच भारतीय टीम में एक जगह के लिए मुकाबला है जबकि कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी स्पिनरों को अंतिम एकादश में जगह मिलने की उम्मीद है। अश्विन ने जियोस्टार से कहा, 'मेरी नजरें हर्ष दुबे पर टिकी हुई हैं और मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि टीम मानव सुथार को चुनती है या हर्ष दुबे को। लेकिन दुबे ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और इसलिए मेरी उनमें विशेष दिलचस्पी है।'
उन्होंने कहा, 'दुबे ने IPL में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसलिए उनका पलड़ा भारी नजर आता है। मैं वास्तव में दुबे को पदार्पण करते हुए देखने के लिए उत्सुक हूं।' पूर्व भारतीय स्पिनर ने कप्तान शुभमन गिल से भी उम्मीद जताई है कि वे घरेलू मैदान पर भी विदेशों में किए गए अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन को दोहराएंगे। उन्होंने कहा, 'गिल ने इंग्लैंड के दौरे में एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाए और दबाव को अच्छी तरह से झेला। मुझे उम्मीद है कि वह घरेलू श्रृंखला में भी कप्तान और बल्लेबाज के रूप में अपनी विशेष छाप छोड़ेंगे।'