Sports

समरकंद (उज़्बेकिस्तान): 46वें फीडे शतरंज ओलंपियाड में एक दिन के विश्राम के बाद 23 सितंबर को खेले गए सातवें राउंड में भारत की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 2.5-1.5 से हराया, जबकि महिला टीम ने जर्मनी को 3.5-0.5 से रौंदते हुए बड़ी जीत दर्ज की।

पुरुष टीम के मुकाबले में शीर्ष बोर्ड पर प्रज्ञानानंद ने निकिता वितुगोव को हराकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। चौथे बोर्ड पर गुकेश डी ने भी डैनियल हॉवर्ड फर्नांडीज़ के खिलाफ जीत दर्ज की। दूसरे बोर्ड पर अर्जुन एरिगैसी का मुकाबला माइकल एडम्स के साथ ड्रॉ पर रहा। हालांकि तीसरे बोर्ड पर निहाल सरीन को ल्यूक मैकशेन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भारत ने मुकाबला 2.5-1.5 से जीत लिया।

महिला टीम ने जर्मनी के खिलाफ लगभग एकतरफा प्रदर्शन किया। पहले बोर्ड पर हम्पी कोनेरू ने आईएम दिनारा वैगनर को हराया। तीसरे बोर्ड पर दिव्या देशमुख ने डब्ल्यूजीएम हन्ना मैरी क्लेक को और चौथे बोर्ड पर सविता श्री बी ने एफएम लारा शुल्त्सा को हराकर टीम को बड़ी जीत दिलाई। दूसरे बोर्ड पर वैशाली रमेशबाबु का मुकाबला जीएम एलिज़ाबेथ पेत्स के साथ ड्रॉ पर छूटा। इस तरह भारत ने मुकाबला 3.5-0.5 से अपने नाम किया।

अन्य मुकाबलों में पुरुष वर्ग में उज़्बेकिस्तान ने चीन को 3-1 से हराया, जिसमें नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और नोदिरबेक याकूबबोएव ने जीत दर्ज की। आर्मेनिया और अमेरिका के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर छूटा, जिसमें रॉबर्ट होवहानिस्यान ने वेस्ले सो को हराया जबकि अवोंडर लियांग ने गैब्रियल सार्गिस्यान के खिलाफ जीत दर्ज की। जर्मनी ने तुर्किये को 3-1 से मात दी। महिला वर्ग में शीर्ष टेबल पर चीन और कज़ाख़स्तान के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर छूटा, जिसमें मेरुएर्त कमालिदेनोवा ने लू मियाओयी को हराया जबकि एल्नाज़ कालियाख़मेत को यान तियानकी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

सातवें राउंड की जीत के साथ भारत की दोनों टीमों ने विश्राम दिवस के बाद जोरदार वापसी करते हुए अपने अभियान को फिर से मजबूती दी है हालांकि जहाँ भारतीय महिला टीम की स्वर्ण पदक की उम्मीद अभी भी बेहद मजबूत है पुरुष वर्ग में उज़्बेकिस्तान से मिली करीबी हार और आज उज़्बेकिस्तान की चीन पर जीत नें भारत के लिए मुश्किलें बढ़ा दी है .