Sports

नई दिल्ली। बीसीसीआई सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने हाल ही में कहा था कि वह एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा था कि टूर्नामेंट यूएई में शिफ्ट कर दिया जाना चाहिए। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख रमीज राजा ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अगर भारत एशिया कप के लिए नहीं आता है तो पाकिस्तान 2023 में वनडे विश्व कप के लिए भारत नहीं जाएगा। अब भारत के केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें जवाब दिया है।

रमीज की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कोई भी देश भारत से बच नहीं सकता है, जो अब विश्व खेलों में एक प्रमुख शक्ति है। अनुराग ठाकुर ने कहा, "सही समय का इंतजार करो। भारत खेल की दुनिया में एक बड़ी ताकत है और कोई भी देश भारत की अनदेखी नहीं कर सकता है। रमीज की टिप्पणी पर बीसीसीआई ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है जबकि एसीसी ने स्थान परिवर्तन पर जय शाह के बयान पर अब तक कोई बैठक नहीं की है।

PunjabKesari

क्या कहा था रमीज ने?
शुक्रवार को उर्दू न्यूज से बात करते हुए रमीज ने कहा था, “अगर पाकिस्तान अगले साल भारत में होने वाले विश्व कप में हिस्सा नहीं लेता है, तो इसे कौन देखेगा? हमारा स्टैंड साफ है। अगर भारतीय टीम यहां आती है तो हम वर्ल्ड कप के लिए जाएंगे। अगर वे नहीं आते हैं तो हमारे बिना विश्व कप खेल सकते हैं। हम आक्रामक रुख अपनाएंगे। हमारी टीम प्रदर्शन दिखा रही है। मैंने हमेशा कहा है कि हमें पाकिस्तान क्रिकेट की अर्थव्यवस्था में सुधार करने की जरूरत है और यह तभी हो सकता है जब हम अच्छा प्रदर्शन करें। 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में हमने भारत को हरा दिया। टी20 एशिया कप में हमने भारत को हराया। एक साल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एक अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था वाली टीम को दो बार हराया।"