Sports

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया के तीसरे वार्षिक पुरस्कार (2019) रविवार को प्रदान किये जाएंगे और इस पुरस्कार समारोह में कुल 1.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। समारोह के शीर्ष पुरस्कार मेजर ध्यान चंद लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉडर् की घोषणा समारोह के दौरान होगी और इस पुरस्कार में 30 लाख रुपए और ट्रॉफी दी जाएगी। 

PunjabKesari

ध्रुव बत्रा प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष) पुरस्कार की होड़ में भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। इस पुरस्कार में 25 लाख रुपए की राशि मिलेगी। ध्रुव बत्रा प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला) की होड़ में कप्तान रानी, दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर और सविता शामिल हैं। इस पुरस्कार में भी 25 लाख रुपए मिलेंगे। 

PunjabKesari

जुगराज सिंह अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष अंडर-21) के लिए 10 लाख रुपये दिए जाएंगे और इस पुरस्कार की होड़ में दिलप्रीत सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह, मनदीप मोर और विवेक सागर प्रसाद शामिल हैं। असुंता लाकड़ा अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला अंडर-21) के लिए 10 लाख रुपए दिए जाएंगे और इस पुरस्कार की होड़ में लालरेमसियामी, सलीमा टेटे और शर्मिला देवी शामिल हैं। 

PunjabKesari

धनराज पिल्लै अवॉर्ड फॉर फॉरवर्ड ऑफ द ईयर की होड़ में ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह, नवनीत कौर और रानी के बीच मुकाबला है। इस पुरस्कार में पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। अजीत पाल सिंह अवॉर्ड फॉर मिडफील्डर ऑफ द ईयर की होड़ में मनप्रीत सिंह, मोनिका, नेहा गोयल और विवेक सागर प्रसाद शामिल हैं। इस पुरस्कार में भी पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। 
परगट सिंह अवॉर्ड फॉर डिफेंडर ऑफ द ईयर में पांच लाख रुपए मिलेंगे और इस पुरस्कार की होड़ में दीप ग्रेस एक्का, हरमनप्रीत सिंह, सुरेंदर कुमार और वरुण कुमार शामिल हैं।

बलजीत सिंह अवॉर्ड फॉर गोलकीपर ऑफ द ईयर में भी पांच लाख रुपए मिलेंगे और इसके लिए कृष्ण बी पाठक, पीआर श्रीजेश, रजनी एतिमारपू तथा सविता के बीच मुकाबला रहेगा। वर्ष 2019 में बहुमूल्य योगदान के लिए जमना लाल शर्मा अवॉडर् और 2019 में अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया प्रेसीडेंट अवॉर्ड की घोषणा समारोह के दौरान होगी। दोनों पुरस्कारों में पांच लाख रुपए दिए जाएंगे।