गुवाहाटी : अपने 15वें जन्मदिन के तीन दिन बाद वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत 15 गेंदों में अर्धशतक से की, जो इसलिए भी खास था क्योंकि उसी पिच पर चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ 127 रन पर ऑलआउट हो गई थी। सूर्यवंशी ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की योजना पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने की थी, इसलिए उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह डिफेंस के बारे में भी सोचते हैं।
राजस्थान की 8 विकेट की जीत के बाद सूर्यवंशी ने कहा, 'हमारी योजना थी कि हम पावरप्ले को अच्छी तरह एग्जक्यिूट करें। शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा लग रहा था, लेकिन बाद में गेंद पुरानी होने पर बल्ले पर अच्छे से आने लगी। मैं डिफ़ेंस के बारे में भी सोचता हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में खेलने का था। छोटे टारगेट में मैच पावरप्ले में ही तय हो जाता है। अगर बॉलिंग टीम पावरप्ले में अच्छा करती, तो मैच उनके पक्ष में जा सकता था। लेकिन हम सभी ने पूरी तरह अटैक किया और हमारा पावरप्ले अच्छा गया।'
सूर्यवंशी को पहली ही गेंद पर CSK के डेब्यू खिलाड़ी कार्तिक शर्मा ने कैच छोड़ दिया था, जो डीप मिडविकेट पर एक मुश्किल मौका था। उन्होंने पावरप्ले खत्म होने तक 16 गेंदों में 52 रन बना लिए जिसमें 5 छक्के और चार चौके शामिल थे। RR का स्कोर 6 ओवर में 70 रन था। उन्होंने कहा कि RR मैनेजमेंट ने उन्हें अपना नेचुरल गेम खेलने की आजादी दी और सीजन से पहले उनकी तैयारी भी अच्छी रही।
इस युवा बल्लेबाज ने कहा, 'उन्होंने बस कहा कि हम तुम्हें सपोर्ट कर रहे हैं, तुम अपना नेचुरल गेम खेलो। उन्होंने मेरे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया। प्रैक्टिस भी अच्छी रही। हम यहां थोड़ा पहले आ गए थे, इसलिए तैयारी अच्छी हुई। उन्होंने कहा कि बस अपना गेम खेलो, सिचुएशन पढ़ो और खेलो। बाकी अपने गेम पर भरोसा रखो।' गौर हो कि सूर्यवंशी ने 2025 में 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू किया था। उन्होंने RR के लिए 7 मैच खेले, IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाया और सीजन में 252 रन 206.55 के स्ट्राइक रेट से बनाए।