Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय धुरंधर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए साल 2022 का अंत काफी बुरा रहा। वह नए साल से एक दिन पहले एक कार एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हो गए। पंत शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर कार हादसे का शिकार हुए थे। वह अकेले गाड़ी चला रहे थे और उन्हें कई चोटें आईं, जबकि टक्कर के बाद उनकी कार में आग लग गई। 

इस एक्सीडेंट के कारण पंत के माथे पर दो कट लगे हैं, उनके दाएं घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाईं कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है। उनके फैंस ने तब राहत का सांस ली जब उन्हें पता लगा कि पंत खतरे से बाहर हैं। हालांकि, पंत अब क्रिकेट के मैदान में कब वापसी करेंगे, यह बता पाना मुश्किल है।

अब बात करें ऋषभ पंत के साल 2022 के क्रिकेट के सफर की तो यह साल उनके लिए काफी निराशाजनक रहा। उन्होंने लाल गेंद क्रिकेट में तो अपना दमखम दिखाया, लेकिन सफेद गेंद क्रिकेट में वह पूरी तरह फ्लॉप रहे।

PunjabKesari

वनडे में ऋषभ पंत 

पंत ने वनडे फॉर्मेट में इस साल 10 पारियां खेलीं, जिसमें 37.33 के औसत और 96.55 के स्ट्राइक रेट से 336 रन बनाए। उन्होंने, इस साल केवल एक शतक और दो अर्द्धशतक जड़े हैं। उनका इस साल उच्चतम स्कोर 125 है, जो इंग्लैंड के खिलाफ आया था।

टी20 में ऋषभ पंत

टी20 में पंत के नंबर सबसे खराब हैं। पंत ने 21 पारियों में 21.41 के खराब औसत और 132.84 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 364 रन अपने नाम किए हैं। 21 पारियों में उनके नाम सिर्फ एक अर्धशतक अपने नाम किया।

टेस्ट में ऋषभ पंत

टेस्ट क्रिकेट में पंत ने अपना दमदार खेल दिखाया, उन्होंने इस साल कुल12 पारियों में 61.81 की औसत से 680 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक जमाए। एक बार फिर, जो सबसे अलग है वह है उनका स्ट्राइक रेट, जो 90.90 है।