Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma का खराब फॉर्म एक बार फिर देखने को मिला। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए अहम मुकाबले में वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम को मजबूत शुरुआत नहीं दिला सके। मुंबई के ऐतिहासिक Wankhede Stadium में खेले जा रहे इस मुकाबले में अभिषेक सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इस पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है, जिससे टीम मैनेजमेंट और फैंस की चिंता बढ़ गई है।

सेमीफाइनल में सस्ते में लौटे पवेलियन

टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत को शुरुआती झटका तब लगा जब अभिषेक जल्दी आउट हो गए। उन्होंने 7 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों की मदद से केवल 9 रन बनाए। उनकी पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और इंग्लैंड के स्पिनर Will Jacks ने उन्हें अपना शिकार बनाया। अभिषेक के जल्दी आउट होने से भारत को शुरुआत में ही दबाव का सामना करना पड़ा लेकिन संजू सैमसन ने अर्धशतकीय पारी से इस दबाव को कम किया। 

इस वर्ल्ड कप में चौथी बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा है। इस टूर्नामेंट में वह चार बार दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। इस संस्करण में उनका स्कोर : 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रन।

इन सात पारियों में उन्होंने सिर्फ एक ही बार बड़ा स्कोर बनाया, जब उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। कुल मिलाकर इस वर्ल्ड कप में उन्होंने 7 पारियों में 12.71 की औसत और 130.88 की स्ट्राइक रेट से केवल 89 रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी साफ दिखाई दी है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड

हालांकि मौजूदा टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभिषेक का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है। उन्होंने अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था। अब तक वह 45 मैच खेल चुके हैं और 44 पारियों में 33.00 की औसत और 188.82 की स्ट्राइक रेट से 1,386 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 अर्धशतक और 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली को दर्शाता है।