स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज (UPW) को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) का सफर भी टूर्नामेंट से खत्म हो गया।
दिल्ली ने 123 रन का लक्ष्य किया हासिल
वडोदरा के BCA स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 126/5 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की अगुवाई में दिल्ली ने 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान हासिल किया और प्लेऑफ का टिकट कटाया।
अब एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स से भिड़ंत
इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स का सामना 3 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स से होगा। इस मैच की विजेता टीम 5 फरवरी को होने वाले फाइनल में सीधे प्रवेश कर चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।
मुंबई इंडियंस का सफर खत्म
दिल्ली की इस जीत ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हार्दिक परिस्थितियों में मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए UP वॉरियर्ज की जीत की जरूरत थी, लेकिन दिल्ली की क्लीनिकल परफॉर्मेंस ने MI को पॉइंट्स टेबल में पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
चेज में आया ड्रामा, लेकिन जेमिमा ने दिलाई जीत
123 रन का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत शानदार रही और टीम 84/1 के स्कोर पर पूरी तरह नियंत्रण में दिख रही थी। हालांकि, अचानक मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया और स्कोर 101/5 तक पहुंच गया, जिससे मुकाबले में रोमांच लौट आया।
कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 18 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके जड़ते हुए निक्की प्रसाद के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
वोल्वार्ड्ट-शेफाली की मजबूत साझेदारी
दिल्ली की जीत की नींव लौरा वोल्वार्ड्ट और शेफाली वर्मा की 73 रन की अहम साझेदारी ने रखी। लिज़ेल ली के जल्दी आउट होने के बाद वोल्वार्ड्ट ने 36 गेंदों पर 47 रन की पारी खेली, जबकि शेफाली ने अपेक्षाकृत संयमित अंदाज़ में 29 रन बनाए।इस साझेदारी ने दिल्ली को पूरी तरह मैच पर पकड़ दिला दी।
UPW की गेंदबाजी में एक्लेस्टोन-दीप्ति का प्रयास बेकार
यूपी वॉरियर्ज की ओर से सोफी एक्लेस्टोन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1/20,दीप्ति शर्मा ने 2/27 के आंकड़े दर्ज किए, लगातार विकेट गिरने से एक समय मुकाबला फंसा जरूर, लेकिन कम स्कोर के कारण UPW दबाव नहीं बना सकी।
अंतिम ओवर से पहले जेमिमा ने किया खेल खत्म
मैच जब निर्णायक मोड़ पर था, तब जेमिमा रोड्रिग्स ने दीप्ति शर्मा के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर दिल्ली डगआउट की धड़कनें थाम दीं और किसी भी उलटफेर की संभावना खत्म कर दी। इससे पहले दिल्ली की गेंदबाजी ने शानदार प्रदर्शन किया। मैरिज़ान कैप ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3/30,चिनेल हेनरी ने 2/25 के आंकड़े दर्ज किए, UP वॉरियर्ज को 122/8 के मामूली स्कोर पर रोक दिया गया।
UPW की खराब शुरुआत, अंत में पांडे का संघर्ष
UP वॉरियर्ज की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान मेग लैनिंग पहली ही गेंद पर आउट हो गईं। दीप्ति शर्मा ने 19 गेंदों में 24 रन बनाए,सिमरन शेख ने 14 गेंदों में 22 रन की तेज पारी खेली। अंत में शिखा पांडे ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को 120 के पार पहुंचाया, लेकिन यह स्कोर नाकाफी साबित हुआ।